Samajwadi Party News: पीडीए पेड़ रोपण अभियान के तहत अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में लगाया पौधा

Samajwadi Party News: सपा के 1 से 7 जुलाई तक चल रहे प्रदेश व्यापी पीडीए पेड़ रोपण अभियान के क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा प्रदेश मुख्यालय में वृक्षारोपण किया।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-07-07 22:51 IST

पार्टी मुख्यालय में पेड़ लगाते अखिलेश यादव। Photo- Social Media 

Samajwadi Party News: समाजवादी पार्टी के 1 से 7 जुलाई तक चल रहे प्रदेशव्यापी पीडीए पेड़ रोपण अभियान के क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। आज अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में बरगद का पेड़ लगाकर पीडीए पेड़ रोपण अभियान का समापन किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि पृथ्वी को हरा-भरा रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पेड़ लगाना और उनकी सुरक्षा करना बहुत आवश्यक है। आज ग्लोबल वार्मिंग पूरी दुनिया के लिए चिंता का विषय बन गई है। ग्लोबल वार्मिंग से बचने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाकर वृक्षावरण और वनावरण बढ़ाना जरूरी है। समाजवादी सरकार के समय उत्तर प्रदेश में वृक्षावरण के बढ़ाने की दिशा में काफी कार्य हुए थे। नदियों, झीलों, नहरों के किनारे पार्कों में खाली स्थानों पर बड़े पैमाने पर पेड़ लगाए गए थे। साथ ही लगाए गये पेड़ों की देखभाल की गयी थी। समाजवादी सरकार में राजधानी लखनऊ में बनाए गए डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क, जनेश्वर मिश्र पार्क, गोमती रिवरफ्रंट, लखनऊ पीजीआई में लगाए गए पेड़ इसके उदाहरण है। इसी तरह से पूरे प्रदेश में पेड़ लगाए गये। पर्यावरण संरक्षण और अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए हर वर्ष की तरह इस साल भी समाजवादियों ने पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में नीम, पीपल और बरगद के पेड़ लगाए हैं। 

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा, पूर्व मंत्री याशर शाह, पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, पूर्व सांसद आलोक तिवारी, विधायक मनोज पारस, पूर्व एमएलसी उदयवीर सिंह, पूर्व विधायक सतीश निगम, रुदौली नगर पालिका के अध्यक्ष जब्बार अली, खालिद शेरवानी, कीर्ति कोल, फहीमुद्दीन चेयरमैन बदायूं, तनवीर हसन, विजय सिंह, त्रिवेणी पाल, दिलीप कमलापुरी, सागर धानुक समेत बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

प्रदेश भर में किया गया पौधरोपण

बताते चलें की समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील करते हुए कहा था कि इस जन्मदिन को सादगी पूर्व मनाएं और 1 से 7 जुलाई तक प्रदेश के शहरी और ग्रामीण इलाकों में पौधरोपण करें। उनकी अपील के बाद सपा नेताओं की ओर से बड़ी संख्या में पौधरोपण किया गया। 

Tags:    

Similar News