UP News: खाने-पीने की चीजों में गंदगी मिलाने वालों की खैर नहीं, CM योगी की चेतावनी

UP News: देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में बीते दिनों ऐसी कई घटनाएं सामने आयीं। जिसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक की।

Update:2024-09-24 13:38 IST

खाने-पीने की चीजों में गंदगी मिलाने वालों को सीएम योगी आदित्यनाथ की चेतावनी (सोशल मीडिया)

UP News: उत्तर प्रदेश में अब खान-पान की वस्तुओं में गंदी चीजों की मिलावट करने वालों की खैर नहीं है। मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ ने खाने-पीने की चीजों में मानव अपशिष्ट या फिर गंदी सामग्री मिलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिये हैं। देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में बीते दिनों ऐसी कई घटनाएं सामने आयीं। जिसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में सीएम योगी ने यूपी के सभी होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट की सहन जांच, सत्यापन के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनजर नियमों में आवश्यकतानुसार संशोधन के भी निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं को बताया वीभत्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते दिनों के देश के विभिन्न क्षेत्रों में रोटी, जूस और दाल जैसी खान-पान की वस्तुओं में मानव अपशिष्ट और गंदी चीजों की मिलावट की घटनाएं सामने आयी हैं। मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं को वीभत्स बताया। साथ ही कहा कि यह आम आदमी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। इस तरह का कुत्सित प्रयास कतई स्वीकार नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो, इसके लिए ठोस प्रबंध किए जाना जरूरी है।

सीएम योगी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, पुलिस व स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा प्रदेशव्यापी सघन अभियान चलाकर होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट, संचालकों सहित वहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का सत्यापन किया जाए। सीएम ने कहा कि होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट पर संचालक, प्रोपराइटर, मैनेजर के नाम और पता डिस्प्ले किये जाएं। इस संबंध में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम में संशोधन भी किया जाए। ढाबे, होटलों और रेस्टोरेंट में सीसीटीवी कैमरे लगाये जाने की व्यवस्था हो।

सीएम योगी ने सख्त निर्देश दिये हैं कि खान-पान की जगहों पर साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए। खाद्य पदार्थों को तैयार करने तथा सर्विस के समय संबंधित व्यक्ति के लिए मास्क और ग्लव्स का उपयोग अनिवार्य है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होनी चाहिए। जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में इस तरह की हरकत करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए। नियमों की अवहेलना पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Tags:    

Similar News