Auraiya News: सपाइयों ने सीएम के दौरे पर कसा तंज, बोले- हवा हवाई साबित हुआ दौरा

समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने एक वार्ता का आयोजन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे पर तंज कसा।

Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-13 17:48 GMT

सीएम योगी के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों के दौरे पर सवाल उठाते सपा जिला अध्यक्ष राजवीर यादव

Auraiya News: शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने एक वार्ता का आयोजन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे पर तंज कसा। पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री का हवाई दौरा हवा हवाई साबित हुआ और बाढ़ पीड़ितों को जो राहत मुहैया कराई गई वह ऊंट के मुंह में जीरा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर निजी संसाधनों से बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की।

शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदौरिया के आवास पर जिला अध्यक्ष राजवीर यादव ने प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किए गए हवाई दौरे को महज एक खानापूर्ति बताया। उन्होंने कहा हवाई दौरा करने के उपरांत जो सहायता बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जानी थी वह महज उनके साथ एक मजाक साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि जो सुविधाएं उन्हें मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिली। भाजपा सरकार के जनप्रतिनिधियों ने भी बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही की है। कभी-कभी अपना हक पाने के लिए ग्रामीणों की अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से झड़प भी हुई। जब बाढ़ प्रभावित लोगों ने अपना हक अधिकारियों से मांगने की कोशिश की तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की भी धमकी दी गई।

पूर्व विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा उन्हें जो निर्देश दिए गए थे उनका पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बखूबी पालन किया। ग्रामीणों को पानी भरे स्थानों से निकालने के लिए नावों की व्यवस्था की गई। उन्हें राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई, लंच पैकेट वितरित किए गए तथा घरों में रोशनी करने के लिए मोमबत्तियां भी बांटी गईं। जबकि सत्ताधारी दल के नेताओं द्वारा ग्रामीणों की सुविधाओं का कोई भी ख्याल नहीं रखा गया।

जिला उपाध्यक्ष अवधेश भदौरिया ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के पदाधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों की जो मदद की है वह शायद सत्ताधारी दल के किसी भी जनप्रतिनिधि ने नहीं की। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन सामग्री मुहैया कराई जाए। इसके अलावा जिनके मकान बाढ़ से गिर गए हैं उन्हें मुआवजा दिया जाए, सरकारी कर्ज को माफ करें एवं ग्रामीणों के पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था की जाए।

बाढ़ का पानी उतर जाने के बाद गांव में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाए जाने के लिए चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए। उन्होंने मांग की कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीणों को स्वचछ पीने का पानी उपलब्ध कराया जाए, जिससे की बीमारियां दूर हो सके। इस मौके पर मुख्य रूप से ओम प्रकाश ओझा, अजय तिवारी, राजन चौहान एवं जीतू पाठक सहित अन्य समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News