महाराष्ट्र CM एकनाथ शिंदे लखनऊ पहुंचे, कल जाएंगे अयोध्या...पूजा से सरयू तट पर आरती का ये है मिनट-टू-मिनट प्रोग्राम

Eknath Shinde Ayodhya Visit: महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे अपने बहुप्रतीक्षित अयोध्या दौरे के लिए शनिवार को लखनऊ पहुंचे। यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने उनका स्वागत किया। सीएम शिंदे रविवार को रामलला के दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या जाएंगे। एकनाथ शिंदे रामलला दर्शन के अलावा सरयू नदी के तट पर आरती भी करेंगे।

Update: 2023-04-07 22:37 GMT
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे और स्वतंत्र देव सिंह (Photo: आशुतोष त्रिपाठी)

Eknath Shinde Ayodhya Visit: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) आज (08 अप्रैल) लखनऊ पहुंचे। उनकी अगवानी करने योगी सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) पहुंचे। आज लखनऊ में रात भर रुकने के बाद मुख्यमंत्री शिंदे रविवार (09 अप्रैल) को अयोध्या के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। जहां वो भगवान राम मंदिर में महाआरती में हिस्सा लेंगे। फिर, मंदिर निर्माण स्थल का दौरा करेंगे। भगवान राम मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद सीएम शिंदे रात में राजधानी लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात्रि भोज करेंगे।

बता दें, महाराष्ट्र सीएम की ये राम मंदिर की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले, मार्च 2020 में तत्कालीन महाविकास अघाड़ी (MVA) के सीएम उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) ने अयोध्या में पूजा-अर्चना की थी।एकनाथ शिंदे अयोध्या के महंत द्वारा हाल ही में दिए गए निमंत्रण के बाद अपनी पार्टी के मंत्रियों, एमएलए, सांसदों तथा शिवसैनिकों के साथ शनिवार शाम मुंबई से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। शिवसेना पार्टी प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े (Krishna Hegde) ने बताया कि, शिंदे के गृह जिले और अन्य हिस्सों से 10 हजार से अधिक शिवसेना कार्यकर्ता अयोध्या उनके साथ शामिल होने के लिए पहले ही रवाना हो चुके हैं।

'अयोध्या यात्रा की आलोचना का जवाब काम से देंगे'

लखनऊ के लिए रवाना होने से पहले मुंबई हवाईअड्डे पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, 'वह अयोध्या यात्रा की आलोचना का जवाब अपने काम से देंगे। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ये अच्छा है कि हमारे काम की वजह से, जो लोग कभी अपने घरों से बाहर नहीं निकले, वो हाल में लोगों से मिलने बाहर जा रहे।'

10,000 शिवसैनिक आ रहे अयोध्या

शिव सैनिकों से एक बार फिर अयोध्या की धरती सजने जा रह है। 10 हजार की तादाद में शिव सैनिक रामलला के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। लेकिन, इस बार उनके नेता के रूप में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे। शिंदे की इस यात्रा पर सबकी निगाहें हैं।

3 ट्रेन से अयोध्या आ रहे शिवसैनिक

रामनगरी अयोध्या में 8 अप्रैल की देर रात शिवसैनिकों से भरी ट्रेन भी पहुंच रही है। महाराष्ट्र से शिवसैनिकों से भरी ट्रेन को सीएम एकनाथ शिंदे ने स्वयं रवाना किया था। बताया जा रहा है कि लगभग 3 ट्रेनों के माध्यम से शिवसैनिक अयोध्या पहुंच रहे हैं।

9 घंटे अयोध्या में बिताएंगे शिंदे

9 अप्रैल को महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे करीब 9 घंटे अयोध्या में रहेंगे। एकनाथ शिंदे के साथ महाराष्ट्र के शिवसेना पदाधिकारी और उनकी कैबिनेट के सदस्य भी मौजूद रहेंगे। अपने सीएम के मौजूद रहने से शिवसेना कार्यकर्ताओं में जोश और उमंग भी रहेगा।

11 बजे पहुंचेंगे अयोध्या

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे लखनऊ में रात्रि विश्राम के बाद सुबह 11 बजे हेलीकॉप्टर से अयोध्या के राम कथा पार्क स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। वहां शिवसैनिक उनका स्वागत करेंगे। रोड शो करते हुए एकनाथ शिंदे का काफिला होटल पंचशील पहुंचेगा।

राम मंदिर निर्माण को भी देखेंगे एकनाथ शिंदे

11 बजकर 45 मिनट पर होटल पंचशील से भगवान रामलला परिसर के लिए सीएम शिंदे रवाना होंगे। भगवान रामलला के दोपहर की महाआरती करेंगे और फिर लगभग 1 बजकर 30 मिनट तक राम जन्मभूमि परिसर में भगवान रामलला के मंदिर निर्माण का अवलोकन करेंगे।

संत-महंतों से लेंगे आशीर्वाद

दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर सीएम शिंदे होटल पंचशील पर मीडिया को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री 3:30 बजे लक्ष्मण किला पर संत-महंत से आशीर्वाद लेंगे और शाम 6 बजे एकनाथ शिंदे सरयू आरती में शामिल होंगे।

Tags:    

Similar News