संस्कृति विवि दीक्षांत समारोह : पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, लक्ष्य पाने के लिए विद्यार्थी कड़ी मेहनत करें

Sanskriti University Convocation : पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचे और संस्कृति विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Report :  Mathura Bharti
Update: 2024-07-29 16:45 GMT

Sanskriti University Convocation : पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचे और संस्कृति विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रामनाथ कोविंद ने यूनिवर्सिटी कैंपस में एक बरगद का पेड़ रोपित किया। वहीं, स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण किया और मूर्तिकार अरुण योगीराज सहित देश की अन्य 6 हस्तियों को मानद उपाधि से सम्मानित किया। वहीं, 35 बच्चों को गोल्ड मेडल प्रदान किया।

इस मौके पर देश के विद्यार्थियों को नसीहत देते हुए कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें और कठिनाइयां आने पर रास्ता छोड़ें नहीं। चुने हुए मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे तो मंजिल जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में छात्राएं छात्रों से आगे निकल रही हैं, यह महिला शिक्षा और सशक्तिकरण के अभियान को बल देता दिखाई दे रहा है, यह बदलते भारत की तस्वीर है। साथ ही उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब आप आगे बढ़ते हैं तो बहुत से लोगों को पीछे छोड़ देते हैं, इसीलिए आगे बढ़ने के बाद जो आपसे पीछे छूटे हैं, उनकी मदद और उत्थान के लिए सतत् प्रयास करना चाहिए। यह स्वस्थ समाज की परिकल्पना को साकार करता है।

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान

पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एक अमेरिका की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इस रिपोर्ट के अनुसार भारत के लोगों के स्वास्थ्य में बड़ी गिरावट आ रही है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। एक स्वस्थ समाज के लिए स्वस्थ शरीर और बेहतर शिक्षा आवश्यक है। स्वस्थ रहने के लिए योग करें और रोगों से दूर रहें।


वहीं, संस्कृति यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सचिन गुप्ता ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति ने कैंपस में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण किया है, जो छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने बताया कि मूर्तिकार अरुण योगीराज साहित 6 हस्तियों को मानद उपाधि दी गई है।

इन दिग्गज हस्तियों को दी ‘मानद उपाधि’

संस्कृति विश्वविद्यालय के पांचवें दीक्षांत समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की छह दिग्गज हस्तियों को मानद् उपाधि प्रदान की गई। ये हस्तियां दीक्षांत समारोह में व्यक्तिगत रूप से विशिष्ठ अतिथि के रूप में सम्मलित हुईं और इन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने काम का अनुभव साझा किया।

अरुण योगी राज : इन हस्तियों में अरुण योगी राज हैं, इन्होंने भगवान राम के बाल रूप रामलला की मूर्ति बनाई, जो अयोध्या के राम मंदिर में स्थापित है।

रोशेल पोटकर : मुंबई में रहने वाली एक भारतीय कथा लेखिका और कवि हैं। उनके काम में लघु कथा संग्रह ‘द एरिथमेटिक ऑफ़ ब्रेस्ट्स एंड अदर स्टोरीज़’ और ‘बॉम्बे हैंगओवर’ , साथ ही कविता संग्रह ‘फोर डिग्रीज़ ऑफ़ सेपरेशन’ , ‘पेपर असाइलम’ और ‘कॉइन्स इन रिवर्स’ शामिल हैं।

राहुल शर्मा : राहुल शर्मा संतूर वादक हैं। ये प्रसिद्ध संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा के पुत्र हैं। संतूर एक लोक वाद्य यंत्र है।


सत्या हिंदुजा : सत्या हिंदुजा एक संगीतकार, ध्वनि कलाकार, निर्माता और डीजे हैं, जो विभिन्न प्रकार के संगीत वाद्ययंत्रों, आवाज और प्रयोगात्मक इलेक्ट्रॉनिक के साथ काम करती हैं। 34 वर्षीय सत्या अशोक हिंदुजा की बेटी हैं।

उदयराज गणनिस : महान विचारक, आध्यात्मिक गुरु और कलाकार उदयराज ख्यातिप्राप्त चित्रकार हैं। भारतीय कला और कलाकृतियों के लिए आपने बहुत काम किया है।

कृष्णा मेहता : कृष्णा मेहता एक स्वयं साध्य डिजाइनर हैं और भारत के मेट्रो शहर मुंबई से हैं। उन्होंने अपने पति की कंपनी के साथ एक डिजाइनर के रूप में काम करना शुरू किया और बाद में खुद की शाखा खोलने और भारत की पहली मेन्सवियर डिजाइनर बनने का फैसला किया।

Tags:    

Similar News