Mathura News: व्यापारी से सीओ बोले- ज्यादा नेतागिरी की तो उल्टा लटका दूंगा

Mathura News: श्री कृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र के व्यापारियों ने एसपी सुरक्षा द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों में फैले आक्रोश की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।

Newstrack :  Network
Update: 2024-05-14 11:11 GMT

व्यापारियों ने बंद किया दुकान (Pic:Newstrack)

Mathura News: मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा के नाम पर पिछले 5 महीने से एसपी सुरक्षा द्वारा अलग-अलग फरमान जारी कर व्यापारियों को परेशान किए जा रहा है। जिससे आज व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। श्री कृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र के व्यापारियों ने एसपी सुरक्षा द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों में फैले आक्रोश की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। बाजार बंद कर धरना दे रहे व्यापारियों ने सीओ सिटी प्रवीण मलिक पर धमकाने का आरोप लगाया। व्यापार मंडल के महानगर महामंत्री सुनील अग्रवाल ने बताया कि सीओ सिटी सोमवार देर शाम यहां आए व्यापारियों से साैहर्द पूर्वक बातचीत की। इसके बाद वह श्री कृष्ण जन्मस्थान के कंट्रोल रूम पहुंचे। जहां श्री कृष्ण जन्मस्थान व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल को बुलाया और धमकी दी कि ज्यादा नेतागिरी की तो उल्टा लटका दूंगा।

सीओ सिटी मांगें माफी

व्यापारी नेता को धमकाने की जानकारी मिलते ही श्री कृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र के व्यापारियों के साथ साथ शहर के अन्य व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे व्यापारियों ने मांग की कि जिस तरह का व्यवहार मुकेश अग्रवाल के साथ किया गया है उसके लिए सीओ सिटी माफी मांगें।

पूर्व मंत्री और एसपी सिटी कर रहे आक्रोशित व्यापारियों से बातचीत

व्यापारियों के हंगामे की सूचना मिलते ही व्यापारी नेता और पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग व एसपी सिटी अरविंद कुमार मौके पर पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट के साथ धरना स्थल पर पहुंचे अधिकारियों ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन व्यापारियों की मांग है कि जब तक सीओ सिटी माफी नहीं मांगते और उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता तब तक वह बाजार नहीं खोलेंगे और प्रदर्शन शांति पूर्ण तरीके से करते रहेंगे। उधर एसपी सिटी ने बताया की व्यापारियों का मांगपत्र ले लिया है जल्द ही वार्ता करके समस्या का समाधान किया जायेगा।

एसपी सुरक्षा के फरमान से परेशान हैं व्यापारी

श्री कृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा का हवाला देते हुए एसपी सुरक्षा बजरंगबली चौरसिया ने श्री कृष्ण जन्मस्थान के मुख्य द्वार के सामने वाला रास्ता दो पहिया वाहनों के लिए बंद कर दिया है। पोतरा कुंड और डीग गेट रेलवे फाटक की तरफ बैरियर लगाकर वाहन रोक दिए गए हैं। इससे श्री कृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में व्यापार करने वाले व्यापारियों को आने जाने के अलावा दुकानों पर सामान लाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

5 महीने से चल रहा टालमटोल

एसपी सुरक्षा के इस मनमाने फरमान के खिलाफ व्यापारी पिछले 5 महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं। कभी व्यापारी धरना करते हैं तो कभी आला अधिकारियों को ज्ञापन तो कभी विरोध जताने के लिए बाजार बंद कर देते हैं। लेकिन व्यापारियों को हर बार समय देकर टरका दिया जाता है। जब मीडिया से एसपी सुरक्षा ने बात कि तो उन्होंने सवाल का टालमटोल जबाब देते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कोई आदेश नहीं दिया हैं यदि है तो उसकी कॉपी ले आइए।

व्यापारियों ने परेशान होकर किया बाजार बंद

पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग ने कहा कि 5 महीने में समस्या का निदान न होने पर व्यापारी आक्रोशित हो गए और मंगलवार को बाजार बंद कर दिया। अनिश्चितकाल के लिए बाजार बंद कर व्यापारियों ने धरना शुरू कर दिया। श्री कृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में करीब 150 दुकाने हैं। रास्ता बंद होने से इस क्षेत्र का कारोबार प्रभावित हो रहा है।

Tags:    

Similar News