Meerut Nagar Nigam Ward No.23: मेरठ नगर निगम वार्ड-23 सुभाष पुरी के पार्षद राजेश खन्ना, समाज सेवा के लिए राजनीति सबसे सशक्त सीढ़ी है

Meerut Nagar Nigam Ward Number 23 Parshad: राजेश खन्ना अपना रोल मॉडल संयुक्त व्यापार संघ के स्थानीय नेता नीरज मित्तल को मानते हैं।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2022-10-08 14:27 GMT

Meerut Nagar Nigam Ward Number 23 ‎Subhash Puri Parshad (Photo - Newstrack) 

Meerut Nagar Nigam Ward No.23: पिछले नगर निगम के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के रुप में 49.82 मत हासिल कर शानदार कामयाबी पाने वाले करीब 43 साल के राजेश खन्ना एक बार फिर नगर निगम के चुनावी मैदान में किस्मत आजमाने के लिए तैयार बैठे हैं। राजेश खन्ना का दावा है कि उनका परिवार पिछले कई साल से समाज सेवा में जुटा है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए वे राजनीति में आये हैं। समाज सेवा के लिए राजनीति सबसे सशक्त सीढ़ी है। बिना राजनीति के समाज के काम को व क्षेत्र के विकास को आगे नही बढ़ाया जा सकता।

राजेश खन्ना का यह भी दावा है कि उनके द्वारा करीब एक करोड़ रुपया अपनी जेब से क्षेत्र के विकास कामों पर खर्च किया जा चुका है। वह कहते हैं,"दरअसल जनता को पूरा काम चाहिए। जबकि नगर निगम के बजट में पूरा काम कराया जाना संभव नहीं होता है। ऐसे में कई बार मुझे अपनी जेब से पैसे लगाने पड़े हैं।" राजेश खन्ना के अनुसार उनके द्वारा क्षेत्र में करीब दो करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं। इनमें विशेष तौर पर क्षेत्र में एक पार्क का सौन्दर्यकरण,सड़के,गलियों की मरम्मत कराना,स्ट्रीट लाइटें लगवाना आदि शामिल हैं। जनता आप से कब मिल सकती है। इस सवाल पर तपाक से राजेश खन्ना कहते हैं, मेरे पास मेरे वार्ड की नहीं,नजदीक के वार्ड की जनता भी अपनी समस्या लेकर आती है। मैं 24 घंटे जनता से मिलता हूं।

राजेश खन्ना के अनुसार पार्षदी के रुप में यह उनका पहला टर्म है। इस पार्षद को नगर निगम अफसरों से भी इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है कि निगम अफसर बड़े बजट की फाइलें निपटाने में दिलचस्पी नहीं लेते हैं। वह कहते हैं-मेरे क्षेत्र में शहीद पुष्पेन्द्र मार्ग की हालत बहुत खराब है। इसको बनवाने के लिए मैने करीब एक करोड़ रूपये के बजट का प्रस्ताव तैयार कर भेजा हुआ है। लेकिन अभी तक निगम अफसर इस फाइल को दबाए बैठे हैं। आपके क्षेत्र में पानी और सीवेज व्यवस्था की स्थिति क्या है। इस सवाल पर राजेश खन्ना कहते हैं,सीवेज व्यवस्था तो हमारे यहां है ही नहीं। अलबत्ता पीने के पानी की व्यवस्था ठीक है। राजेश खन्ना के अनुसार उनके क्षेत्र में स्कूल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक भी नहीं है।

राजेश खन्ना अपना रोल मॉडल संयुक्त व्यापार संघ के स्थानीय नेता नीरज मित्तल को मानते हैं। राजनीति में नहीं आते तो क्या करते? इस सवाल के जवाब में मुस्कारते हुए राजेश खन्ना कहते हैं, हलवाई का काम करता और क्या।

Tags:    

Similar News