Meerut: किशोरी के साथ दरिंदगी करने वाला आरोपी अरेस्ट, परिजनों में बनी थी निकाह की सहमति...फिर पलटे
Meerut News : किशोरी की मां ने बताया कि, घटना की जानकारी आरोपी के परिजनों को दी तो वो मिन्नतें करते हुए आरोपी का निकाह किशोरी से कराने का वादा किया। लेकिन, दो दिन बाद आरोपी पलट गया और फरार हो गया।;
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)
Meerut News : मेरठ जिले के थाना देहली गेट क्षेत्र की एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार (12 जनवरी) को जेल भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान (SSP Rohit Singh Sajwan) ने बताया कि, मेरठ पुलिस ने बलात्कार और पोक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त को आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के अनुसार, इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना दिल्ली गेट पुलिस ने आरोपी हमजा उर्फ नानू पुत्र शकील नि. पूर्वा अहमद नगर थाना देहली गेट मेरठ के खिलाफ विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया था। एसएसपी ने बताया कि, आरोपी अभियुक्त को जली कोठी से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
क्या है मामला?
आपको बता दें कि, इस मामले में पीड़ित किशोरी के परिजनों ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की थी। पीड़ित किशोरी की मां ने बताया कि, वह रविवार शाम अपने पति के साथ बीमार ननद को देखने गई थी। घर में उसकी 16 वर्षीय पुत्री अकेली थी। तभी आरोपी युवक उसके घर आया और उसकी पुत्री को अपनी फूफी के घर ले गया। जहां छत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। वापस लौटने पर बेटी को घर पर न पाकर जब वह पड़ोस में गई तो आरोपी युवक की फूफी के घर भी पहुंची। वहां उसकी बेटी मिली। तब उसे वह घर ले आई थी।
आरोपी के परिजन ने रखी थी निकाह की शर्त, फिर पलटे
इसके बाद किशोरी ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर आरोपी के घर पहुंचे। किशोरी की मां ने बताया कि, उस समय आरोपी के परिजनों ने मिन्नतें करते हुए आरोपी का निकाह किशोरी से कराने का वादा किया। लेकिन, दो दिन बाद ही आरोपी ने किशोरी के साथ निकाह करने से इनकार कर दिया और फरार हो गया।