Meerut News: जेल में कैदी लगाएंगे पंचायत, करेंगे समस्या का समाधान

Meerut News: बंदियों के बीच से ही पांच योग्य पंचों का चुनाव किया जाएगा। बंदियों की जो भी समस्याएं होंगी, उनकी जानकारी लेकर पंच अधिकारियों को अवगत कराएंगे।

Report :  Sushil Kumar
Update:2024-05-19 16:33 IST

Meerut News (Pic: Newstrack)

Meerut News: जेल में कैदियों को रखने का मकसद होता है कि उनके भीतर सुधार हो सके। उनके व्यवहार में परिवर्तन आए। इसलिए जेल में बंद कैदी को आम जीवन से बिल्कुल दूर रखा जाता है। कैदियों को जेल के भीतर ही अपना पूरा काम करना होता है, लेकिन अगर कैदी को जेल में किसी भी प्रकार की असुविधा हो रही है, तो किससे इसकी शिकायत करेगा। इस समस्या से निजात पाने के लिए अब जेल प्रशासन ने एक अच्छी पहल की है।

पांच योग्य पंचों का होगा चुनाव

बागपत जेल के जेलर जितेंद्र कश्यप ने बताया कि जेलों में बंदियों की समस्याएं दूर करने के लिए पंचायत का गठन किया जाएगा। बंदियों के बीच से ही पांच योग्य पंचों का चुनाव किया जाएगा। बंदियों की जो भी समस्याएं होंगी, उनकी जानकारी लेकर पंच अधिकारियों को अवगत कराएंगे। पंचों की रिपोर्ट के आधार पर जेल अधिकारी समस्या का निराकरण करेंगे। जेलर जितेंद्र कश्यप ने जानकारी दी कि जेल में लंबे समय से बंद रहने वाले बंदी मानसिक तनाव में आ जाते हैं। ये बंदी अपनी समस्याओं के बारे में जेल अधिकारियों को बताने में भी संकोच करते हैं। इसे आसान बनाने के लिए ऐसी पहल की जा रही है। 

तनाव कम करने का प्रयास

परेशानी न बता पाने का परिणाम यह होता है कि लंबे समय तक तनाव में रहने के कारण बंदी कभी-कभी आत्महत्या जैसे कदम भी उठा लेते हैं। बता दें कि विगत वर्षों में कई बंदी आत्महत्या जैसा कदम भी उठा चुके हैं। पंचायत के माध्यम से ऐसे बंदियों को चिह्नित कर उन्हें गंभीर कदम उठाने से पहले रोका जा सकता है। इससे आत्महत्या या उसके प्रयासों में कमी आने की उम्मीद जेल अधिकारियों को है। जेलर जितेंद्र कश्यप के अनुसार तनाव में चल रहे बंदियों की जानकारी हासिल कर नियमित रूप से उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी। जिससे वह तनाव से दूर रह सकें। यही नहीं पंच यदि बंदियों के किसी विवाद में कोई फैसला लेंगे, तो सर्वमान्य होगा। 

Tags:    

Similar News