Meerut News: दिनदहाड़े युवक ने महिला को मारी गोली, आरोपी फरार, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Meerut News: खून से लथपथ महिला को पास के ही एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां पर महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिले के थाना दौराला क्षेत्र के मवीमीरा गांव में हुई घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2023-12-19 10:05 GMT

Meerut News (Pic:Newstrack)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के ग्रामीण इलाके में आज एक महिला को बाइक सवार युवक द्वारा दिन दहाड़े गोली मार दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक हवा में तंमचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ महिला को पास के ही एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां पर महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिले के थाना दौराला क्षेत्र के मवीमीरा गांव में हुई घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।

परिजनों ने आरोपी के खिलाफ दी तहरीर

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कमलेश बहादुर ने घटनास्थल से लौट कर बताया कि मृतका का नाम सोनी पुत्री सुभाष है। मवीमीरा गांव निवासी सोनी की दूसरी शादी कुछ दिनों पूर्व ही हुई थी। महिला को पूर्व पति के द्वारा जान से मारने की नीयत से आज गोली चलाई गई, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर आरोपी हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कमलेश बहादुर के अनुसार अभी तक की पुलिस जांच में पता चला है कि सोनी की शादी जनपद मुजफ्फरनगर के थाना जानसठ क्षेत्र निवासी युवक सतेन्द्र से करीब आठ साल पहले हुई थी। कुछ विवाद के चलते सोनी का सतेन्द्र से तलाक हो गया था। इसके बाद यह महिला नाजिम नाम के लड़के के साथ रह रही थी। इसके बाद बीती 28 नवम्बर को महिला ने मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली क्षेत्र निवासी रविंद्र के साथ शादी की थी। पिता सुभाष ने बताया कि फिलहाल सोनी अपने मायके आई हुई थी।

परिजनों का कहना है कि आज घटना के समय सोनी भाई अनुज फौजी के मकान से अपने दूसरे मकान पर पैदल आ रही थीं। जैसे ही वह बीच गांव में बड़े मंदिर के समीप पहुंची तो बाइक सवार युवक ने सोनी पर गोलियां बरसा दी। सोनी को दो गोली लगी। घायल हालत में सोनी को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

Tags:    

Similar News