Meerut News: आध्यात्मिक गुरु पवन सिन्हा बोले-रील पर मत जाओ रीयल बनो, अपने दम पर खडें हो

Meerut News: तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल और पावन चिंतन धारा आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि आध्यात्मिक गुरु प्रोफेसर पवन सिन्हा ने कही।

Report :  Sushil Kumar
Update: 2024-08-09 15:17 GMT

Meerut News

Meerut News: व्यक्तित्व पर नियंत्रण कर अपने विकास पर काम करो। अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र हो आगे बढ़ो। मोबाइल से बाहर निकलो, रील पर नहीं रीयल बनो और अपने दम पर खडे़ हो। भगवान राम ने रामराज्य की कल्पना दी, भगवान श्रीकृष्ण ने कृष्णराज्य की कल्पना दी। सभी ने अपने व्यक्तित्व पर काम किया उसके बाद राज्य और राष्ट्र को प्राथमिकता दी। व्यक्ति के रूप में बलवान बनकर उभरो तो किसी भी परेशानी का सामना करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। यह बात शुक्रवार को तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल और पावन चिंतन धारा आश्रम के संयुक्त तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बतौर मुख्य अतिथि आध्यात्मिक गुरु प्रोफेसर पवन सिन्हा ने कही।

स्वामी विवेकानंद से सीखने की आवश्यकता है

उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के साधारण व्यक्तित्व ने अपने विचारों से पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया था। उनसे सीखने की आवश्यकता है। केवल विशेष दिनों में उनके चित्र पर फूल माला चढ़ाने से कुछ नहीं होगा। आध्यात्मिक गुरु ने कहा कि आपको तीन चीजों पर विशेष ध्यान देना है। देश में क्या हो रहा है अपने सिलेबस और अपने इतिहास के बारे में जानकारी रखनी है। चकाचौंध भारी प्रपंचों से बाहर निकालो यह आपको कायरता सिखाता है। भगवान श्री राम भगवान श्री कृष्ण के अनुयाई बनकर सीधे खड़े हो तब दुनिया आपको विश्व गुरु मानेगी अन्यथा नहीं। उन्होंने कहा कि माता-पिता के पैसों पर नहीं कुछ बनना है तो अपना मार्ग स्वयं चुनो और उस पर आगे बढ़ो भगवान श्री कृष्णा और नारद जी से सीख लेते हुए अपने माता-पिता को कुछ बनकर दिखाओ।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर नरेंद्र कुमार तनेजा ने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 ने दो मुख्य तत्वों को रेखांकित किया गया है। पहला शिक्षा और दूसरा भारतीय संस्कृति पर गर्व व बहुमुखी प्रतिभा का विकास। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय इस कार्य को अच्छी प्रकार से संपादित कर रहा है। भारतीय ज्ञान सार्वकालिक है। भारतीय ज्ञान में आज तक जो भी कहा गया है वह प्रासंगिक है और पूरी दुनिया उसको सच मानती है। उन्होंने कहा कि देव ऋषि नारद जी और भगवान श्री कृष्णा पर आधारित नाटक मंचन से आप सभी युवा एक अच्छा संदेश लेकर जाओगे।

गीता का संदेश हम सभी को पढ़ना चाहिए

कार्यक्रम के अध्यक्षता कर रही चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के जीवन से बहुत कुछ सीखा जा सकता है। नारद जी के जीवन से भी हमें प्रेरणा मिलती है। भगवान श्री कृष्ण द्वारा दिया गया गीता का संदेश हम सभी को पढ़ना चाहिए, उनसे बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। आप सभी युवा विश्वविद्यालय की धरोहर हैं। गुरु मां डॉक्टर कविता अस्थाना ने पवन चिंतन धारा आश्रम द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि भगवान श्री राम तथा श्री कृष्णा पांडव और लव कुश ने भी गुरुकुल और आश्रम में ही शिक्षा दीक्षा ली थी। आज सभी युवा दुनिया की चकाचौंध में खोए हुए हैं। धर्म कर्तव्य से ही जुडा होता है। हमारा प्रकल्प सभी चीजों को एकसूत्र में बांधने का काम करता है।

नाटक मंचन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया

इस दौरान नारद जी और भगवान श्री कृष्णा पर आधारित नाटक मंचन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन बीनम यादव ने किया। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के निदेशक प्रो0 प्रशांत कुमार ने सभी का परिचय व धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर कुलसचिव धीरेंद्र कुमार वर्मा, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, कुलानुशासक प्रो0 बीरपाल सिंह, प्रो0 अनिल मलिक, प्रो0 विजय मलिक, प्रो जयमाला, प्रो0 बिन्दु शर्मा, अश्वनी गुप्ता, अरविंद मारवाडी, वीनस शर्मा, डॉ0 मनोज कुमार श्रीवास्तव, डॉ0 दीपिका वर्मा, लव कुमार, मितेंद्र कुमार गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, श्याम बिहारी शर्मा, वेदव्रत आर्य, जगत सिंह दौसा, चिराग गुप्ता एवं तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के सभी छात्र तथा छात्राएं मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News