UP Nikay Chunav 2nd Phase : मेरठ में मतदान को लेकर खासा उत्साह, उम्मीदवार, बुजुर्ग पहुंच रहे वोट डालने, कुछ जगह आंशिक गत

Meerut News: मेरठ शहर से भाजपा नेत्री राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने अपने परिवार के साथ वोट डाला। किठौर के मोहल्ला जलालुद्दीनपुरा में वार्ड संख्या 11 के बूथ 21 पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने मतदान किया।

Update:2023-05-11 20:32 IST
UP Nikay Chunav 2023

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। खासकर कस्बों में शहर की तुलना में ज्यादा उत्साह नजर आया। सुबह 11 बजे तक 18.35 फीसदी मतदान हो चुका है। प्रमुख लोगों में मेरठ शहर में स्थित बुढ़ाना गेट आर्य कन्या इण्टर कॉलेज में अपनी पत्नी के साथ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई ने मतदान किया।

राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर अपनी पत्नी के साथ डॉ. अम्बेडकर इंटर कालेज में मतदान किया। इससे पहले भाजपा सांसद डॉ. राजेंद्र अग्रवाल ने भी परिवार सहित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। शहर विधायक रफीक अंसारी ने परिवार के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। मेरठ शहर से भाजपा नेत्री राज्यसभा सांसद कांता कर्दम ने अपने परिवार के साथ वोट डाला। किठौर के मोहल्ला जलालुद्दीनपुरा में वार्ड संख्या 11 के बूथ 21 पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने मतदान किया। निर्धारित दूरी पर राजनीतिक दलों ने अपने बस्ते लगाए हुए हैं। शहरभर में मतदान केंद्रों के साथ-साथ मुख्य मार्ग और चौराहों पर भी भारी पुलिस बल तैनात है।

वोटर लिस्ट में नाम न होने वाले परेशान

किदवई नगर, अहमदनगर, जैदी फार्म, ढवाई नगर, इस्लामाबाद, पूर्वा फैयाज अली आदि क्षेत्रों में वोट कटने को लेकर मतदाताओं ने गहरी नाराजगी जताई। कई क्षेत्रों में ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायत आई, जिस पर जिला प्रशासन की ओर से अफसरों की टीम दौड़ी और ईवीएम बदलवाई गई। सुबह 9:00 बजे के बाद अब्दुल्लापुर, गंगानगर, रक्षापुरम और कंकरखेड़ा आदि क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत धीरे-धीरे उठने लगा। शेरगढ़ी, कालियागढ़ी, जय भीम नगर तथा मलियाना आदि दलित बाहुल्य क्षेत्रों में सुबह से मतदान की रफ्तार तेज रही।

आप प्रत्याशी ऋचा सिंह ने लगाया आरोप

मेरठ में मोदीपुरम स्थित डीएमए स्कूल में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी ऋचा सिंह ने भाजपा समर्थकों पर मनमानी का आरोप लगाया। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं की आप पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बहस हुई। ऋचा सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पुलिस के साथ भी बहस कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की। ऋचा सिंह ने बताया कि फतेहउल्लापुर में भी गड़बड़ी की शिकायत मिल रही हैं। वार्ड 58 के सूरजकुंड वार्ड में अंशुल गुप्ता और पार्षद प्रत्याशी आपस में भिड़ गए। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। वार्ड 58 के न्यू आर्य नगर स्थित शिशु लोक स्कूल बूथ पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी अंशुल गुप्ता ने निर्दलीय प्रत्याशी सुमित शर्मा पर दूसरे दूसरे वार्ड के लोगों को बूथ में प्रवेश कराने का आरोप लगाया है। इसी बात को लेकर दोनों के समर्थकों में झड़प हो गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों प्रत्याशियों को हिरासत में लिया। इस बीच कुछ देर के लिए मतदान भी प्रभावित हुआ।

वोटिंग के उत्साह में उम्र नहीं आ रही आड़े

कई जगह चुनाव को लेकर लोगों के उत्साह का आलम यह है बढ़ती उम्र भी मतदान का जोश खत्म नहीं कर सकी है। 80 की उम्र पार कर चुके लोग भी मतदान करते दिख रहे हैं। लावड़ में 92 साल की महिला कुलसुम 90 वर्षीय सरवरी पत्नी पूरू मलिक कंकरखेड़ा लॉर्ड लॉर्ड बुद्धा पब्लिक स्कूल में बने केंद्र संख्या 31 में वोट डालने पहुंची। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में अकबरी (90) पत्नी रफीक ने मतदान किया। मेरठ में 89 वर्षीय सुधा गुप्ता और 85 वर्षीय लीला देवी ने वोट डाला। नगर पंचायत किठोर कार्यालय में वोट डालने पहुंची 92 वर्षीय मकबुलन। जबकि सरधना में 75 साल की अनीशा ने मतदान किया। मेरठ में आर्य कन्या इंटर कालेज में नगर निगम चुनाव मतदान कर 90 वर्षीय जयन्ती प्रसाद ने मतदान किया।

Tags:    

Similar News