Jhansi News: उपमुख्यमंत्री के जनपद दौरे को बदमाशों की सलामी, पिटाई कर सिक्योरिटी गार्ड से लूटी बंदूक

Jhansi News: बीती रात ड्यूटी करके घर लौट रहे सिक्योरिटी गार्ड की चार बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड से बंदूक लूट ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू की, मगर अब तक लुटेरों का किसी प्रकार का सुराग हाथ नहीं लगा है। कहा जा रहा है कि देहात में पुलिस का खौफ देख बदमाशों ने अब शहर में वारदातें करना शुरु कर दी है।

Update: 2023-04-09 20:47 GMT
miscreants beating the security guard and looted the gun (Photo-Social Media)

Jhansi News: उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी के बावजूद बदमाशों ने शहर पुलिस को चुनौती दे डाली। बीती रात ड्यूटी करके घर लौट रहे सिक्योरिटी गार्ड की चार बदमाशों ने बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद सिक्योरिटी गार्ड से बंदूक लूट ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने लुटेरों की तलाश शुरू की, मगर अब तक लुटेरों का किसी प्रकार का सुराग हाथ नहीं लगा है। कहा जा रहा है कि देहात में पुलिस का खौफ देख बदमाशों ने अब शहर में वारदातें करना शुरु कर दी है।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ निवासी राम मिलन बिजौली स्थित एक फैक्ट्ररी में काम करता है। शनिवार की देर रात ड्यूटी पूरी करके वह घर लौट रहा था। बल्लमपुर और मथुरापुरा के पास घात लगाए बैठे चार युवकों ने उसे रोक लिया। इसका सिक्योरिटी गार्ड ने विरोध किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसकी लाइसेंसी रायफल लूट ली। शोर मचाने पर लुटेरे धमकी देकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना की सूचना गार्ड ने पुलिस को दी। कुछ देर बाद सीओ सिटी, सीओ सदर व प्रेमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अफसरों ने सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की। इस मामले में सिक्योरिटी गार्ड ने एक लिखित तहरीर भी दी है। मगर देरशाम तक मुकदमा पंजीकृत नहीं हो सका था। मालूम हो शहर में उपमुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर पुलिस सुरक्षा में काफी व्यस्त थी।

झांसी में नाले में मिला महिला का निर्वस्त्र शव

रक्सा थाना क्षेत्र में एक महिला का निर्वस्त्र सड़ा गला शव मिला। मृतका कौन है और कहां से आई इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। रक्सा थाना क्षेत्र के सैन्य क्षेत्र में कुछ लोगों ने पुराई नाले के किनारे बने मंदिर के पास से बदबू महसूस की। शक होने पर जब वहां देखा तो नाले में एक महिला का शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतका की लगभग 30 वर्ष उम्र बताई जा रही है।

भूसा डालने को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन से अधिक घायल

पूंछ थाना क्षेत्र में भूसा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। जिसमें दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम ढेरी में कमलेश और सुशील प्रजापति के बीच भूसा डालने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उनमें लाठी-डंडे चलने लगे। जिससे वहां भगदड़ मच गई। इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। सूचना पाकर जब तक पुलिस पहुंची दोनों पक्षों के लगभग आधा दर्जन से अधिक लोग लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

झांसी में सड़क हादसे में घायल महिला ने करीब एक माह बाद तोड़ा दम

Jhansi News: एक माह पहले सड़क हादसे में घायल हुई महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मालूम हो कि लगभग एक माह पहले जतारा के पास बुलेरो कार का एक्सीडेंट हो गया था। जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि कई घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जिसमें लगभग 37 वर्षीय धर्म कुमारी निवासी मवई जिला टीकमगढ़ शामिल थी। धर्मकुमारी ने भी अब उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। हादसे के समय मृतका एक गमी में शामिल होने के लिए राजनगर जा रही थी।

Tags:    

Similar News