Monkeypox in UP: बिधुना में एक महिला में मंकीपॉक्स जैसे लक्षण,मचा हड़कंप

Monkeypox in Auraiya: महिला को होम क्वारंटाइन करते हुए घर पर ही रहने की सलाह दी गई। उसके घर वालों को भी होम क्वारंटाइन का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।;

Written By :  Ramkrishna Vajpei
Update:2022-07-25 08:23 IST

Monkeypox in Auraiya (photo: social media )

Monkeypox in Auraiya: औरैया के बिधुना में एक महिला में मंकीपॉक्स जैसे लक्षण दिखने पर हड़कंप मच गया है। महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर आ गया। आनन फानन में औरैया से मेडिकल टीम को बिधूना में महिला के घर भेजा गया। महिला और उसके परिवार के अन्य सदस्यों का सैंपल लेकर लखनऊ केजीएमयू भेजा गया है। महिला को होम क्वारंटाइन करते हुए घर पर ही रहने की सलाह दी गई। उसके घर वालों को भी होम क्वारंटाइन का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। तीन दिन में जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मंकीपॉक्स प्रोटोकाल के तहत महिला का ट्रीटमेंट शुरू किया जाएगा।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि चेहरे पर दाने और गले की ग्रंथि बढ़ना इसके मुख्य लक्षण हैं। जानकारी के मुताबिक बिधुना के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी एक महिला की तबियत पिछले कई दिनों से खराब चल रही थी उसे बुखार भी आ रहा था। महिला निजी चिकित्सक से उपचार करा रही थी। इस दौरान महिला ने कई अन्य चिकित्सकों को भी दिखाया लेकिन आराम नहीं मिला।

रविवार को अचानक उसकी शरीर पर फुंसियां निकल आईं। वह निकटवर्ती एक डॉक्टर से दवा लेने गई जहां डॉक्टर ने महिला के शरीर फुंसियों को देखकर मंकी पाक्स होने की संभावना जताई। महिला ने हाथ और पैर के तलवों में तेज दर्द भी बताया जा रहा है। उसी डॉक्टर ने इसकी जानकारी वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन वालों को फोन पर दी। इसके बाद परिवारीजन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिधूना लेकर गए।

जिले का स्वास्थ्य विभाग सक्रिय

मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीज की जानकारी मिलते ही जिले का स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो उठा। महिला का सैंपल लेने के लिए जिला अस्पताल से डॉक्टर को बिधूना भेजा गया। जहां मेडिकल टीम ने महिला की फुंसियों का सैंपल लिया और सुरक्षा के साथ उसे जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेज दिया।

केजीएमयू से रिपोर्ट आने के बाद यदि मंकी पॉक्स की पुष्टि होती है तो उसी आधार पर महिला का इलाज किया जाएगा। फिलहाल महिला और उसके घर वालों को होम कोरंटाइन कर दिया गया है।

Tags:    

Similar News