पूर्व प्रधान हत्याकांड में दो गिरफ्तार, 24 साल से दोनों परिवारों में थी रंजिश...पहले भी कई बार हो चुकी थी भिड़ंत

Moradabad News: मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में पूर्व ग्राम प्रधान राजवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव के ही तीन लोगों ने घर के बाहर वारदात को अंजाम दिया था।

Report :  Sudhir Goyal
Update: 2024-02-17 14:45 GMT

पूर्व प्रधान हत्याकांड में दो गिरफ्तार (Social Media)

Moradabad Murder News: मुरादाबाद जिले के थाना मैनाठेर क्षेत्र के रसूलपुर गौसर गांव में हुई पूर्व प्रधान की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा (SP Dehat Sandeep Kumar Meena) ने बताया कि, दो आरोपियों जगदीश सिंह और हेमंत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है। 

एसपी देहात ने बताया क्यों थी रंजिश 

एसपी देहात संदीप मीणा के अनुसार, आरोपी पक्ष के बीच लगभग 24 साल से मेंथा की टंकी पर डबल टैक्स लगवाने और पैसों के लेनदेन को लेकर पूर्व प्रधान से रंजिश चल रही थी। कुछ समय के लिए दोनों पक्षों में समझौता हुआ था। मगर, शुक्रवार सुबह पूर्व प्रधान को घर से बुलाकर गोली मार दी थी। उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी थी। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि, उसकी मेंथा टंकी के संचालन पर डबल टैक्स लगाया था। जिस पर जगदीश ने ग्राम प्रधान से नाराजगी भी जताई थी। इसी को रंजिश मानते हुए पूर्व प्रधान की हत्या की गई। पुलिस ने टीम गठित कर दोनों आरोपियों को ईशागढ तिराहे से गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।'

ऐसे दिया वारदात को अंजाम 

मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में पूर्व ग्राम प्रधान राजवीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव के ही तीन लोगों ने घर के बाहर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पहुंची मैनाठेर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात और सीओ भी सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंचे थे।

घर से बुलाकर कनपटी में मारी गोली

आपको बता दें, मैनाठेर के गांव रसूलपुर गौसर निवासी राजवीर सिंह (55 वर्ष) ग्राम पंचायत के प्रधान थे। परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। बताया गया कि, शुक्रवार सुबह तीन लोग पूर्व प्रधान राजवीर के घर पहुंचे बाहर से आवाज लगाकर राजवीर को बुलाया इसके बाद कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घर और आस पास के लोग पहुंचे तो राजवीर लहुलूहान हालत में गिरा मिला। उसकी मौक़े पर ही मौत हो चुकी थी।

दो हिरासत में, एक फरार 

सूचना पाकर मैनाठेर एसएचओ सतेंद्र सिंह टीम सहित एसपी देहात संदीप कुमार मीणा, सीओ बिलारी राजेश कुमार भी घटना स्थल पर पहुंचे। फारेंसिक टीम के निरीक्षण के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो बेटों पर गोली मारने का आरोप लगा। हालांकि, परिजनों ने किसी भी प्रकार की रंजिश या विवाद से अभी तक इंकार किया। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस गहनता से जांच कर रही है। दो हमलावरों को हिरासत में लिया गया है, एक फरार है। उसकी पुलिस को तलाश है। हत्याकांड की प्रत्येक बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। 

Tags:    

Similar News