Moradabad News: नदी का जलस्तर बढ़ा, 25 हजार लोगों का जनजीवन प्रभावित, सैकड़ों जानवर बहे

Moradabad News: जनपद में लगातार हो रही बारिश की वजह से यहां रामगंगा नदी की सहायक ढेला नदी का जल स्तर बढ़ गया है। जल स्तर बढ़ने से मुरादाबाद काशीपुर कांठ रोड बाइपास के आसपास के 20 गांवो में बाढ़ का पानी घुस गया है।

Update:2023-07-09 14:33 IST

Moradabad News: जनपद में लगातार हो रही बारिश की वजह से यहां रामगंगा नदी की सहायक ढेला नदी का जल स्तर बढ़ गया है। जल स्तर बढ़ने से मुरादाबाद काशीपुर कांठ रोड बाइपास के आसपास के 20 गांवो में बाढ़ का पानी घुस गया है। जिसकी वजह से यहां लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वो प्रशासन से राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं।

दो दिन से नारकीय स्थिति में रहने की मजबूरी

पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। ढेला नदी में आई बाढ़ का पानी गांवों में घुस जाने से लोगों के घरों, खेतों, सड़कों पर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। लोगों का घरों में रहना, सड़क पर चलना मुश्किल है। खेतों में फसल तबाह हो रही है। ऐसे में लोग बर्बादी का नजारा देखने के अलावा और कुछ नहीं कर पा रहे हैं। काशीपुर बाइपास के विवेकानंद अस्पताल के पीछे के 20 गांव में दो दिनों से जलजमाव है। करीब 20 हजार लोगों के इससे प्रभावित होने और सैकड़ों मवेशियों के पानी में बह जाने की सूचना है।

वाहनों का आवागमन ठप

इस्लाम नगर के पास ढेला नदी सड़क पर बह रही है। जिससे इस रास्ते पर वाहनों का आवागमन बिल्कुल ठप हो गया है। किसानों की हजारों एकड़ फसल नष्ट हो गई है। किसानों का कहना है कि पशुओं के लिए चारा तक नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया कि पानी शुक्रवार दोपहर बाद अचानक बढ़ना शुरू हो गया और रात होते-होते पानी खेतां और घरों में घुस गया। रविवार दोपहर तक यहां पानी का स्तर बढ़ता ही नजर आया।
20 वर्ष से पुल बनाने की मांग पर सुनवाई नहीं
स्थानीय लोगों ने कहा कि करीब 20 वर्ष से यहां के लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ढेला नदी पर पुल बनाना चाहिए। कई बार धरना प्रदर्शन तक किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी का नतीजा है कि आज लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News