Republic Day 2024: पुलिस लाइन में मंत्री जितिन प्रसाद ने ली परेड की सलामी, बोले- 'संविधान का एक-एक शब्द...'

Report :  Sudhir Goyal
Update:2024-01-26 16:46 IST

पुलिस लाइन में मंत्री जितिन प्रसाद ने ली परेड की सलामी (Social  Media)

Moradabad News: उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री लोक निर्माण विभाग जितिन प्रसाद ने शुक्रवार (26 जनवरी) को देश के 75 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुरादाबाद पुलिस लाइन ग्राउंड में ध्वजारोहण किया। उन्होंने भव्य परेड का निरीक्षण किया। परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया।

कैबिनेट मंत्री ने पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि के रूप में अपने संबोधन में गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपस्थित नागरिकों एवं पुलिस जवानों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि, '26 जनवरी का राष्ट्रीय पर्व हमें अपने संविधान के प्रति प्रतिबद्धता का सुअवसर प्रदान करता है।'

जितिन प्रसाद- अगणित देशभक्तों ने बलिदान दिया

जितिन प्रसाद ने कहा, 'हमारे संविधान निर्माताओं ने विभिन्न रंगों के पुष्पों से सुसज्जित एक गुलदस्ते के समान गणतन्त्र की परिकल्पना की थी। इस देश को एक ऐसे धर्मनिरपेक्ष गणतंत्र का स्वरुप प्रदान कर सभी धर्म, वर्ग, जाति पंथ व क्षेत्र के लोगों को समान अधिकार प्रदान किये। उन्होंने कहा कि, हमें इस अवसर पर संविधान निर्माताओं की भावना को साकार करते हुए देश की एकता व विकास का संकल्प लेना चाहिए। यह याद रखना चाहिए कि हमारे अगणित देशभक्तों तथा अमर वलिदानियों ने जीवन भर संघर्ष कर जो स्वाधीनता हांसिल की थी उसकी रक्षा का अग्रसर दायित्व हमारे ऊपर और आने वाली पीढ़ी पर है, जिसे हमें बाखूबी निभाना है।'

'पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत शक्तिशाली बना'

कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा, 'आज भारत विश्व में बेहद शक्तिशाली देश बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नये भारत का निर्माण हुआ है। ऐसा सकारात्मक परिवर्तन हुआ है, जिसकी कभी परिकल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के भारत को 2047 तक विकसित देश बनाने के संकल्प को आज हम सबको एकजुटता से अपनी भूमिका निभानी है।'

भारत का झंडा चांद तक पहुंचा 

उन्होंने कहा कि, 'यह बहुत गर्व की बात है कि भारत का झंडा चांद तक पहुंच गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की छवि में मुख्यमंत्री जी की नीतियों के कारण अभूतपूर्व सकारात्मक बदलाव आया है, आज उत्तर प्रदेश में दुनिया से निवेश आ रहे हैं, इसके साथ ही सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में यू0पी0 आज बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आज समाज के अन्तिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रहा है।'

संविधान का एक-एक शब्द... 

जितिन प्रसाद ने कहा, 'हम भारतवासी पूरे जोश और उल्लास के साथ 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। चूंकि, आज के ही ऐतिहासिक दिन भारत को पूर्ण प्रभूता सम्पन्न गणतंत्र घोषित किया गया था। अपने उन शहीदों की शहादत को भी याद करते हैं जिनकी बदौलत हमें आजादी मिली। उन्होंने ये भी कहा कि, आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान अंगीकृत किया गया था तथा आज इसी संविधान की वजह से हमारा देश पूर्ण गणतन्त्र है। उन्होंने कहा कि, संविधान का एक-एक शब्द हम सभी भारतवासियों के लिए पवित्र एवं मार्गदर्शक सिद्धान्त के रूप में है।

अनेकता में एकता का सिद्धांत 

जितिन प्रसाद ने ये भी कहा, 'हमारा भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा और उत्कृष्ट लिखित संविधान है। हमारे संविधान भारत के किसी भी नागरिक में धर्म, जाति, लिंग, रंग, भाषा इत्यादि के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करता है। यह संविधान ही है जो भारत के सभी धर्म जाति और वर्ग के लोगों को एक दूसरे से जोड़े रखता है। अनेकता में एकता के सिद्धांत को प्रतिपादित करता है।'

मताधिकार का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती

कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि, 'हमारा संविधान भारत के प्रत्येक नागरिक को सार्वभौतिक, व्यस्क मताधिकार प्रदान करता है तथा हमारे संविधान की इसी विशेषता के फलस्वरूप देश व प्रदेश का प्रत्येक व्यस्क व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग कर पा रहा है। यह हमारे संविधान की ही देन है कि प्रत्येक नागरिक प्रत्येक निर्वाचन को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, भयमुक्त एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।'

पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया 

आज गणतंत्र दिवस परेड में मुरादाबाद पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने अनुशासित परेड के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुती दी है तथा सभी टोलियों ने अपने प्रदर्शन से अदम्य साहस व अनुशासन का परिचय दिया, जिसके लिए सभी पुलिस मित्र बधाई के पात्र है। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर पुलिस लाइन मुरादाबाद में सभी परेड कमांडर से परिचय प्राप्त किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मण्डलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, डीआईजी पुलिस मुनिराज जी तथा जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा को डीजी पत्र से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक मुरादाबाद मुनिराज जी, मेयर विनोद अग्रवाल, विधायक शहर रितेश गुप्ता, जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, पुलिस अधीक्षकगण, सहायक पुलिस अधीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं पुलिस बल के जवान व उनके परिवार तथा आम नागरिक आदि उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News