Jhansi News: गला रेतकर युवक की निर्मम हत्या, प्रेमिका को भागने में गया था जेल, जेल से छूटकर कर ली लव मैरिज

Jhansi News: सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम जावन में गला रेतकर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक अपनी प्रेमिका को भगाने के मामले में जेल गया था। जेल से छूटकर उसने लड़की से लवमैरिज कर ली थी मगर लड़की के परिजन नाराज थे।

Update:2023-04-24 04:23 IST
झाँसी में अवैध निर्माण हटाने गए लेखपाल की पिटाई- (Photo- Social Media)

Jhansi News: सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम जावन में गला रेतकर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक अपनी प्रेमिका को भगाने के मामले में जेल गया था। जेल से छूटकर उसने लड़की से लवमैरिज कर ली थी मगर लड़की के परिजन नाराज थे। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने युवक की हत्या की गई है। लड़की के घर वाले गांव से फरार हैं। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।

सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम जावन में राजा भैया कुशवाहा परिवार समेत रहता है। राजा भैया का परिवार खेतीबाड़ी करता है। उसने अपने खेत पर सब्जियां उगाई हुई थी। रविवार की सुबह राजा भैया का पुत्र करन कुशवाहा घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद घर के लोग खेत पर गए तो करन का शव खेत के पास पड़ा मिला। युवक के गले पर गहरा घाव था। इसके अलावा हाथ पर भी घाव थे। युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। युवक विवाहिता था और उसकी चार बच्चियां है। घटना के समय पत्नी मायके गई हुई थी।

बताया जा रहा है कि करण कुशवाहा और मोहल्ले की नाबालिग लड़की के बीच प्रेम संबंध थे। 2019 में करण कुशवाहा लड़की को भगाकर ले गया था। लड़की के परिवार ने केस दर्ज कराया था। करीब सवा साल बात पुलिस ने लड़की को बरामद कर करण कुशवाहा को जेल भेज दिया था। लड़की ने घर जाने से मना कर दिया था। तब उसे नारी निकेतन भेजा गया। करीब डेढ़ माह बाद करण जमानत पर जेल से बाहर आ गया। लड़की अब बालिग हुई तो करण ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। तीन माह पहले वह सकरार आकर करण के साथ घर पर रह रही थी। पिता राजा भैया का कहना है कि लव मैरिज के बाद लड़की के परिवार वाले रंजिश रखे हुए थे। धारदार हथियार से उसके बेटा की हत्या कर दी है। इस घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ टहरौली अरुण कुमार, सकरार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस संबंध में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि हत्यारोपियों की तलाश की जा रही हैं। इसके लिए पुलिस टीमें बनाई गई है।

बेटी के हाथ पीले होने से पहले पिता की सड़क हादसे में मौत, पत्नी के साथ भात देने जा रहा था ससुराल

झाँसी। शादी से मात्र दस दिन पहले पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल में भात देने जा रहा था। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

ललितपुर के लेंडियापुरा में रमेश रजक परिवार समेत रहता था। 4 मई को रमेश रजक की सबसे छोटी बेटी सविता की शादी है। शनिवार को वह अपनी पत्नी रामवती के साथ बस से भात देने के लिए ससुराल गदियाना गांव जा रहा था। रास्ते में रजवारा के पास रमेश रजक की बहन रहती है। रमेश ने रजवारा में बस रुकवाई और उतरकर सड़क किनारे शादी का निमंत्रण कार्ड देने जा रहा था, तभी तेज गति से आ रही मोटर साइकिल ने रमेश को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

ट्रक और कार में भिड़ंत, मासूम समेत तीन लोग घायल

ललितपुर के रामनगर निवासी विजय वर्मा अपने सात साल के बेटे अंश और छोटे भाई हरीशंकर के साथ कार में सवार होकर मोंठ जा रहा था। मोंठ में विजय वर्मा की बहन रहती है। कानपुर हाइवे पर बड़ागांव के पास सामने से गलत दिशा में आ रहे एक ट्रक ने लापरवाही से कार में टक्कर मार दी जिससे सभी लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी लगते ही आस पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। कार में फंसे लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से तीनों घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया। यहां हरीशंकर की हालात गंभीर बतायी जा रही है। इसकी जानकारी घायलों के परिजनों को दी गई।

‘प्रेमनगर थाना पुलिस मुर्दाबाद’ के नारे लगाकर धरने पर बैठी महिला

नवाबाद थाना क्षेत्र के इलाइट चौराहा पर पुलिस से प्रताड़ित होकर पूरा परिवार धरने पर बैठ गया। हाथों में तख्ती और प्रार्थना पत्र लिए परिवार ने बीच सड़क पर प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पीड़ित महिला ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रहने वाला एक महिला ने बताया कि उसके बेटे के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। विपक्षियों के खिलाफ थाने में लिखित तहरीर भी दी थी मगर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। इसकी शिकायत एसएसपी की तब जाकर उसके घायल बेटा का मेडिकल कराया गया था। महिला का आरोप है कि विपक्षी लोग फर्जी मुकदमा में घर के सदस्यों को फंसा रहे हैं। पीड़ित महिला ने एसएसपी से न्याय की मांग की। इसकी जानकारी लगते ही नवाबाद प्रभारी सुधाकर मिश्रा मय स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे महिला के परिजनों से वार्तालाप की। साथ ही मुकदमा दर्ज करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला अपने परिजनों के साथ धरने से उठकर घर चली गई।

वही, प्रेमनगर थाने की पुलिस का कहना है कि महिला के लड़के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज है। इसकी तलाश की जा रही हैं। आरोपी घर से फरार हैं। पुलिस का कहना है कि महिला का लड़का पूर्व में भी कई तरह की हरकत कर चुका हैं। वह दूसरे पक्ष के खिलाफ फर्जी तरीके से एससी/एसटी के तहत मुकदमा दर्ज करवाना चाहती है। इसकी शिकायत पहले भी दे चुकी थी मगर मना कर दिया था। इसके अलावा उक्त महिला से मोहल्ले के लोग काफी परेशान है। मोहल्लावासियों ने पहले भी उक्त महिला के खिलाफ कई शिकायतें थाने में दी थी। इसकी जांच भी की गई। जांच में उक्त महिला को गलत पाया गया था।

Tags:    

Similar News