VIRAL: मुजफ्फरनगर में दलित को पीटा, लगवाए 'जय माता दी' के नारे

Update: 2018-01-17 04:55 GMT
VIDEO वायरल: मुजफ्फरनगर में दलित को पीटा, लगवाए 'जय माता दी' के नारे

लखनऊ/मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में एक दलित युवक की कुछ लोगों ने देवी-देवताओं के पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाते पिटाई कर दी। इतना ही नहीं उससे 'जय माता दी' के नारे भी लगवाए और गालियां भी दीं। यह पूरी घटना तब सामने आई जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच अभियान चलाया है।

क्या है वीडियो में?

बता दें, कि इस वीडियो में एक युवक को बेरहमी से पीटा जा रहा है। वह माफ़ी की गुहार लगा रहा है। बावजूद इसके लोग उस पर लाठी-डंडे बरसाए जा रहे हैं। घटना के वक़्त कई अन्य लोग भी मौके पर मौजूद थे। जिस युवक को पीटा जा रहा है वह हेलमेट लगाए हुए है। पिटाई करने वाले उसे बार-बार कह रहे हैं, 'तुमने हमारे देवी-देवताओं का अपमान क्यों किया। हमें तुमसे कोई ऐतराज नहीं फिर तुम्हें क्यों हैं।'

कौन है पिटाई का शिकार युवक?

जानकारी के अनुसार, पिटाई का शिकार युवक का नाम विपिन कुमार है। यह दलित युवक इससे पहले सहारनपुर हिंसा के दौरान विवादों में आया था। उस वक्त उसने खुद को भीम आर्मी की युवा विंग का सदस्य बताया था। बताया जाता है वह कुछ दिनों पहले ही जेल से छूटकर आया है।

क्या था विवाद?

बता दें, कि विपिन कुमार पर आरोप है कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दलितों के घर से देवी देवताओं के पोस्टर और मूर्ति उतरवा दिए थे। इनकी जगह उसने दलितों के यहां भीमराव आंबेडकर और रविदास के पोस्टर चिपकाए थे। तब यह वीडियो भी सोशल मीडिया वायरल हुआ था। हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने देवी-देवताओं का अपमान करने पर केस दर्ज करावाया था। इसके बाद बाद विपिन और उसके साथियों को इस मामले में जेल भेजा गया था।

ये कहा एसएसपी ने

इस पूरे मामले पर एसएसपी अनंत देव ने बताया, 'यह घटना मुजफ्फरनगर के पुखराजी थाने इलाके की है। हमने युवक और उसके परिवार वालों की पहचान की है। पुखराजी में रहने वाले चार युवकों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। उन्हें पकड़ने के लिए टीमें भेजी गई हैं।'



Tags:    

Similar News