Muzaffarnagar News: 93 वर्षीय सपा सांसद मुस्लिम लड़कियों के बुर्का में रैंप वॉक करने पर भड़के, इस्लाम को बदनाम करने का लगाया आरोप

Muzaffarnagar News: पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर में पिछले दिनों एक कॉलेज में मुस्लिम लड़कियों ने बुर्का और हिजाब पहनकर रैंप वॉक किया था। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जैसे ही वीडियो फैला विवाद भी शुरू हो गया।

Update:2023-11-28 18:43 IST

93 वर्षीय सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क मुस्लिम लड़कियों के बुर्का में रैंप वॉक करने पर भड़के, इस्लाम को बदनाम करने का लगाया आरोप: Photo- Social Media

Muzaffarnagar News: पश्चिमी यूपी के मुजफ्फरनगर में पिछले दिनों एक कॉलेज में मुस्लिम लड़कियों ने बुर्का और हिजाब पहनकर रैंप वॉक किया था। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। जैसे ही वीडियो फैला विवाद भी शुरू हो गया। मुस्लिम संगठनों और मौलानओं ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। अब इस विवाद में समाजवादी पार्टी के वयोवृद्ध सांसद शफीकुर्रहमान बर्क भी कूद पड़े हैं।

बर्क ने इस प्रोग्राम की आलोचना करते हुए मुस्लिम धर्मगुरूओं के ऐतराज को वाजिब करार दिया है। उन्होंने कहा कि लड़कियों द्वारा बुर्का और हिजाब पहनकर रैंप वॉक करना इस्लाम के खिलाफ है। ये इस्लाम के आईन और कानून के खिलाफ है। बता दें कि मुजफ्फरनगर में यह रैंप वॉक रविवार को आयोजित किया गया था, जिसमें अभिनेत्री मंदाकिनी भी शामिल हुई थीं।

इस्लाम को बदनाम करने का लगाया आरोप

संभल सांसद ने रैंप वॉक करने वाली लड़कियों पर इस्लाम का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने उनपर कार्रवाई की मांग भी की है। बकौल शफीकुर्रहमान बर्क ऐसी लड़कियों के माता-पिता से बातचीत कर उनके खिलाफ एक्शन लिया जाना चाहिए। मां-बाप उन्हें डांटे और अपनी लड़कियों को समझाएं कि इस तरह की हरकतों से इस्लाम को बदनाम न करें।

93 वर्षीय बर्क ने आगे कहा कि फैशन शो का मतलब यह नहीं है कि अपने दीन और मजहब को बदनाम किया जाए। ऐसे में हममें और दूसरों में फर्क ही क्या रह जाएगा। अब इस तरह से रैंप वॉक या कैटवॉक नहीं होने चाहिए। सपा सांसद से पहले जमीयत उलेमा के मौलाना मुकर्रम कासमी भी इस पर सख्त आपत्ति जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह एक मजहब को टारगेट करने वाली बात है। इसके विरूद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, इस मामले को लेकर जब रैंप वाक करने वाली लड़कियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बुर्के को भी घर में लाना चाहिए। इसे केवल घर तक ही सीमित रखना नहीं चाहिए। हमने पहन कर कुछ गलत नहीं किया।

Tags:    

Similar News