Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में मेरठ कांड जैसा मामला, पत्नी ने पति को पिलाई 'जहरीली कॉफी', हालत गंभीर
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में एक पत्नी ने अपने पति को कॉफी में जहर मिलाकर पिला दिया। फिलहाल पति अस्पताल में भर्ती में और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।;
अनुज शर्मा और पिंकी शर्मा
Muzaffarnagar News: मेरठ कांड जैसा मामला अब मुजफ्फरनगर से भी सामने आया है, जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां एक पत्नी ने अपने पति को कॉफी में जहर मिलाकर उसे पिला दिया, जिससे पति की हालत गंभीर है। दोनों की शादी 2 साल पहले हुई थी, लेकिन दंपति के बीच अविश्वास और शक की वजह से उनका जीवन तहस-नहस हो गया।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला खतौली थाना क्षेत्र के गांव भायंगी का है। यहां 26 साल के अनुज शर्मा की शादी 2 साल पहले गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र फरखनगर की पिंकी शर्मा उर्फ सना से हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले पत्नी किसी और से प्यार करती थी और शादी के बाद वह उससे घंटों फोन पर बात करती थी। जब पत्नी के प्रेम प्रसंग के बारे में पति को पता चला तो पत्नी ने कॉफी में जहर मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद पति की हालत बिगड़ गई और उसे फौरन मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
पीड़ित के परिवारवालों ने बहू के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
इस मामले में पीड़ित के परिवारवालों ने पुलिस स्टेशन में अपनी बहू पिंकी शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि शादी के 2 महीने बाद से ही पिंकी दूसरे लड़के से फोन पर बात करने लगी थी, जिससे दंपति के बीच झगड़ा और मारपीट शुरू हो गया था। इसे लेकर पिंकी ने अपने पति के खिलाफ गाजियाबाद में पुलिस को शिकायत की थी। फिर पुलिस ने अनुज और पिंकी को महिला थाने में काउंसलिंग कराई, जिसके बाद दंपति को एक हफ्ते के लिए साथ रहने के लिए कहा गया। इस पर अनुज पिंकी को उसके घऱ से अपने घर ले आया, लेकिन काउंसलिंग के बाद भी दोनों के बीच का रिश्ता जस का तस था। अक्सर उनके बीच लड़ाई झगड़ा हुआ करता था।
अनुज की बहन ने लगाये आरोप
इस पूरे मामले पर अनुज की बहन मीनाक्षी शर्मा ने आरोप लगाया है कि पिंकी का शादी के बाद किसी लड़के से अफेयर चल रहा था। एक दिन जब अनुज ने पिंकी को फोन पर बात करते देखा तो उसने फोन छीन कर लड़के से की गई बात और मैसेज के साथ-साथ लड़के की फोटो भी देख ली। मीनाक्षी के मुताबिक, पिंकी जिस लड़के से बात करती थी वह उसके ही ताऊ की बेटी का बेटा था, यानी रिश्ते में वह लड़का पिंकी का भांजा लगा। हालांकि, पिंकी ने अनुज से कहा कि शादी से पहले वह उस लड़के से प्यार करती थी, लेकिन अब ऐसा कुछ नहीं है। वह न तो उससे प्यार करती है और न ही उसके साथ दोस्ती है, वह बस उस लड़के से बात करती है। बहन ने बताया कि पिंकी की बात सुनकर अनुज सब कुछ भूलकर उसे घर ले आया, लेकिन पिंकी ने 25 तारीख को अनुज को मारने के लिए उसकी कॉफी में जहर डालकर उसे पिला दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अनुज की बहन मीनाक्षी के बयान के बाद पुलिस ने अनुज की पत्नी पिंकी के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 123 और 351 (2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने इस मामले की जांच भी शुरू कर दी है।