UP Election 2022: रालोद का पंचायतराज पर फोकस, प्रधानों से मांगे सुझाव, लिखा पत्र

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने ग्राम प्रधानों को पत्र लिखा है...

Report :  Sushil Kumar
Published By :  Shraddha
Update: 2021-10-02 11:14 GMT

Meerut News : राष्ट्रीय लोक दल (Rashtriya Lok Dal) के अध्यक्ष जयंत चौधरी (Jayant Choudhary) ने शनिवार को ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को पत्र लिखकर लोक संकल्प 2022 के निर्माण के लिए सुझाव मांगे हैं। यह जानकारी राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ग्राम प्रधानों को पत्र लिखकर कहा है कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह मानते थे राष्ट्र को सफल बनाने के लिए गांव और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर अधिक संसाधनों का निवेश करना होगा तभी गांव मजबूत होंगे और देश मजबूत बनेगा।

जयन्त चौधरी ने अपने पत्र में ग्राम प्रधानों को संबोधित करते हुए लिखा है कि आप अपने कार्य क्षेत्रों में चौमुखी विकास कराने में बहुमूल्य योगदान देंगे तथा सेवा भाव से सारे समाज की उम्मीदों के अनुरूप कार्य करेंगे ऐसी मुझे आशा है। जयंत चौधरी ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 243 के 73वें संशोधन के द्वारा देश में पंचायती राज को संवैधानिक सफल ताकत देने का कार्य किया गया था, लेकिन यह भी कड़वा सत्य है कि अभी तक कई राज्यों में पंचायती राज के क्षेत्राधिकार में आने वाले महत्वपूर्ण विषय में अनावश्यक सरकारी व प्रशासनिक हस्तक्षेप होता है।

रालोद सुप्रीमो जयंत चौधरी (फाइल फोटो - सोशल मीडिया)

रालोद सुप्रीमो ने कहा कि आप लोगों ने ग्राम प्रधान के चुनाव को जीता है और आप जनप्रतिनिधि के रूप मे जवाबदेही भी जनता के प्रति आपकी है। आप को सरकारी योजनाओं का लाभ अपने क्षेत्र में पहुंचाने के लिए सरकारी तंत्र के साथ मिलकर काम करना होगा तो वहीं दूसरी तरफ आपको पंचायतों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी कभी-कभी लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष मांगें भी रखनी होंगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल घोषणा पत्र लोक संकल्प 2022 के निर्माण में आपके सुझाव जो कि बहुत ही महत्वपूर्ण है आमंत्रित करता है। उन्होंने कहा कि वह लोग संकल्प समिति को अपने सुझाव फोन नंबर 8307 95 95 95 पर व्हाट्सएप कर सकते हैं। ट्विटर और फेसबुक @ loksankalp2022 पर भी जुड़ सकते हैं। जयंत चौधरी ने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता आपको हमेशा पूर्ण सहयोग देंगे उन्होंने उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से उनके परिवारों एव पूरे गांव के उज्जवल भविष्य की कामना भी की है।

Tags:    

Similar News