UP Election 2022 : मुजफ्फरनगर के बाद मेरठ में आज अखिलेश-जयंत की प्रेस कॉन्फ्रेंस, CM योगी-जेपी नड्डा जाएंगे घर-घर

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और जयंत चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश को चुनावी नजरिए से साधने की कोशिश में जुटे हैं। इसी के तहत आज दोनों नेता भाईचारे का संदेश देंगे। इस दौरान उनके निशाने पर सीधे-सीधे भारतीय जनता पार्टी (BJP) होगी।

Newstrack :  Network
Published By :  aman
Update:2022-01-28 09:12 IST

akhilesh-jayant-yogi

UP Election 2022: यूपी विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के मद्देनजर आज 28 जनवरी को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी (Jayant Choudhary) अपना चुनाव प्रचार अभियान संयुक्त रूप से शुरू करेंगे। दोनों गठबंधन सहयोगी आज मेरठ में चुनाव प्रचार करेंगे। अभियान के अंत में मेरठ के एनएच-58 स्थित एक होटल में करीब 3:30 बजे संयुक्त प्रेस वार्ता (joint press conference) करेंगे। 

दोनों नेताओं के आज के चुनावी कार्यक्रम के बारे में समाजवादी के जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया, कि मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) से लौट दौरान यह प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी गई है। बता दें, कि चुनावी अभियान के लिए अखिलेश और जयंत ने पहले मुजफ्फरनगर को ही चुना था। मगर, एक दिन पहले इसमें मेरठ को भी जोड़ा गया।

पश्चिमी यूपी को साधने की कोशिश

दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और जयंत चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश को चुनावी नजरिए से साधने की कोशिश में जुटे हैं। इसी के तहत आज दोनों नेता भाईचारे का संदेश देंगे। इस दौरान उनके निशाने पर सीधे-सीधे भारतीय जनता पार्टी (BJP) होगी। गौरतलब है, कि हाल के दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बीजेपी नेता एक के बाद एक ताबड़तोड़ दौरे कर रहे हैं। आज दोनों युवा नेता उसी का जवाब देने की कोशिश करेंगे। बता दें, कि इससे पहले 7 दिसंबर 2021 को अखिलेश और जयंत ने सिवालखास विधानसभा क्षेत्र के दबथुवा में संयुक्त रैली की थी।

सीएम योगी आज कंकरखेड़ा में 

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी है। अपने उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मेरठ में घर-घर जाकर वोट मांगेंगे। बताया जा रहा है, कि सीएम योगी का पहले कंकरखेड़ा (kankarkheda) जाने का कार्यक्रम तय नहीं था। लेकिन, अचानक ही इस कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया है। इसके बाद वहां तैयारियां शुरू कर दी गई। 

सीएम करेंगे जनसंपर्क, मांगेंगे वोट  

जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा आंबेडकर रोड, मंगल पुरी, रामनगर रोड पर मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां की जा रही है। इस पूरे रास्ते को भगवा गुब्बारों से सजाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर घर-घर जाकर जनसंपर्क भी करेंगे। साथ ही, प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करेंगे। सीएम के प्रोग्राम को देखते हुए सुरक्षा चाक-चौबंद की गई है। मुख्यमंत्री का काफिला जिन रास्तों से गुजरेगा उन हिस्सों को चिन्हित कर पुलिस की व्यवस्था की जा रही है। 

आज जेपी नड्डा शाहजहांपुर में

शुक्रवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शाहजहांपुर जा रहे हैं। वहां वो पार्टी कार्यालय में संगठन के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। साथ ही,बूथ मैनेजमेंट का टिप्स देने के बाद गांधी भवन में प्रबुद्ध लोगों से मुलाकात करेंगे। जेपी नड्डा कटिया टोला में घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे तथा बीजेपी प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे।

इन सीटों पर होनी है 10 और 14 फ़रवरी को मतदान 

उल्लेखनीय है, कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश (West UP) में 11 जिलों की 58 सीटों पर आगामी 10 फरवरी को तथा दूसरे चरण में 9 जिलों की 55 सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होंगे। इसलिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह (Jayant chaudhary) अपना चुनाव प्रचार अभियान संयुक्त रूप से शुरू कर रहे हैं। सीएम योगी का अभियान भी इसी की एक कड़ी है। 

Tags:    

Similar News