Shamli News Today: योगी के आने से पहले 31 भाजपा पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे

Shamli News Today: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शामली जिला अध्यक्ष सतेद्र तोमर पर अनदेखी के आरोप लगाते हुए अपने पदों से सामूहिक इस्तीफे दे दिए हैं।

Report :  Pankaj Prajapati
Published By :  Chitra Singh
Update: 2021-09-15 12:36 GMT

बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक (डिजाइन फोटो- न्यूज ट्रैक)

Shamli News Today: सीएम योगी के आगमन से पहले भाजपा जिलाध्यक्ष पर अनदेखी के आरोप लगाते हुए 31 भाजपा पदाधिकारियों ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफे (BJP Padadhikariyo Ka Istifa) प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह (Swatantra Dev Singh) को भेज दिए हैं ।

आगामी 2022 विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि तैयार करने एवं ऊंचागांव में बनने वाले पीएसी कैंप (PAC camp) की भूमि का शिलान्यास करने के लिए 19 सितंबर को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कैराना (Yogi Adityanath Ka Kairana Daura) के आने की संभावना जताई जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री योगी के कैराना आने से पहले ही बीजेपी में फूट पड़ती नजर आ रही है।

बुधवार (15 सितंबर) को कैराना नगर के स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शामली जिला अध्यक्ष सतेद्र तोमर पर अनदेखी के आरोप लगाते हुए अपने पदों से सामूहिक इस्तीफे दे दिए हैं, जिसके बाद बीजेपी खेमे में हलचल मची हुई हैं। बुधवार को नगर के मोहल्ला गुंबद स्थित भाजपा मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंघल के आवास पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग आयोजित हुई। इस दौरान सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र तोमर पर भाजपा के विभिन्न मोर्चो में बिना जांच पड़ताल के नए-नए कार्यकर्ताओं को पद देने तथा भाजपा कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफे दिए गए।

भाजपा मंडल अध्यक्ष शक्ति सिंघल ने बताया कि जनपद शामली में भाजपा को हराने की एक सोची समझी साजिश रची जा रही है। जिला अध्यक्ष पूरे जिले में तथा खासकर कैराना के भाजपा कार्यकर्ताओं को उपेक्षित कर रहे हैं तथा जिला अध्यक्ष द्वारा खनन माफियाओं को पार्टी पदाधिकारी बना दिया गया है, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। मंडल स्तर पर पदों की संस्तुति नहीं की जा रही है। केवल मनमाने तौर पर कार्य हो रहा है।

31 भाजपा पदाधिकारियों का इस्तीफा (डिजाइन फोटो)

उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए बताया कि ऐसा लग रहा है कि जनपद की तीनों विधानसभा से भाजपा को उखाड़ने के लिए जिला द्वारा अध्यक्ष साजिश रची जा रही है। पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जिला अध्यक्ष पर पैसों के लालच व अन्य लालच में नए नए लोगों को पद देने के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशैली वाले जिला अध्यक्ष के साथ वे कोई कार्य नहीं करेंगे।

वहीं उन्होंने कहा कि वह अपने पदों से इस्तीफा दे रहें और वे पार्टी में रहकर पार्टी की सेवा करते रहेंगे। कैराना मंडल के समस्त भाजपा पार्टी के पदाधिकारी, मोर्चो, प्रकोष्ठो, संगठन व सेक्टर के 31 पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को हस्ताक्षर युक्त अपने सामूहिक त्यागपत्र भेज दिए हैं। 

Tags:    

Similar News