Jhansi News: कृषि विभाग के चपरासी ने किया सुसाइड, जुआ की लत से हो गया था 20 लाख का कर्ज

Jhansi News: कृषि विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के साथ हुआ है। जुए लत में वह कर्जदार हो गया। अंत में जब कर्ज नहीं चुका पाया तो ससुराल पहुंचकर विषाक्त खा लिया।

Report :  B.K Kushwaha
Update: 2022-12-16 13:21 GMT
Jhansi News (Newstrack)

Jhansi News: कहते हैं कि एक बार शराब और जुए की लत यदि इंसान को पड़ जाए तो वह अपना सबकुछ बर्बाद कर देता है। कुछ ऐसा ही झाँसी कृषि विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के साथ हुआ है। जुए लत में वह कर्जदार हो गया। अंत में जब कर्ज नहीं चुका पाया तो ससुराल पहुंचकर विषाक्त खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। उस पर करीब 20 लाख का कर्ज हो गया था। आरोप है कि सूदखोर पैसा वसूलने के लिए आए दिन चपरासी की पिटाई कर धमकियां देते थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

हमीरपुर जिले में चकासी थानान्तर्गत बेरहट में रहने वाला सुभाष चन्द्र यादव झाँसी कृषि विभाग में चतुर्थ श्रेणी में कार्यरत है। ससुर कृष्णा यादव के मुताबिक सुभाष चन्द्र की दो बेटियां हैं। पिछले लगभग 17 साल से उसे जुए की लत पड़ी हुई थी।

जुए की लत में वह कई साहूकारों का कर्जदार हो गया। कई बार तो उन्होंने ही उनका कर्ज चुकाया। काफी समझाया लेकिन वह जुए की लत को नहीं छोड़ पा रहा था। परेशान होकर उसकी पत्नी अपनी बेटियों को लेकर मायके आ गई।

इसके बाद भी जुए की लत नहीं छूटी। इधर धीरे-धीरे उस पर इतना कर्ज हो गया कि उसे न चुका पाने के कारण धमकी मिलने लगी। परेशान होकर वह ससुराल पहुंचा और उनसे कर्ज चुकाने के लिए विनती करने लगा।

रहम में आकर वह उसका कर्ज चुकाने के लिए तैयार हो गए। उन्होंने किसी प्रकार कर्ज की रकम का इंतजाम कर लिया। अभी वह रकम को लेकर दामाद के साथ झाँसी आ रहे थे। इसी दौरान उसने विषाक्त खा लिया।

जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी जानकारी होते ही परिवार में हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। जहां से हालत गम्भीर होने पर उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

जुआ की ऐसी लत, पत्नी के जेवर तक बेचे

ससुर कृष्णा यादव ने बताया कि सुभाष 17 सालों से जुआ खेल रहा है। कमाई से लेकर सब कुछ जुआ में मिटा दिया। यहां तक की जुआ खेलने के लिए पत्नी के जेवर तक बेच दिए थे।

वह अपने बेटी व दोनों नातियों का पालन पोषण कर रहे थे। ससुर का कहना है कि उसकी लड़की रेखा की दो बेटी हैं। इनमें बेटी दीपमाला यादव दसवीं में पढ़ रही हैं, जबकि छोटी बेटी पलक यादव तीसरी कक्षा में पढ़ती है।

एरच पुल से कूदी महिला, हुई मौत

एरच थाना क्षेत्र में एक महिला पुल से कूंद गई। जिससे उसकी मौत हो गई। आत्महत्या करने का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

बताते हैं कि रोज की तरह एरच पुल से आवागमन सुचारु रुप से चल रहा था। इसी दौरान एक महिला दौड़ती हुई आई। इससे पहले कि कोई कुछ समझता वह पुल से नीचे कूंद गई। जिससे उसकी मौत हो गई।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराया। मृतका की शिनाख्त मीरा पत्नी गोविंद निवासी एरच के रुप में हुई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। आत्महत्या कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है।

हाइवे पर शताब्दी बस पलटी, कई घायल

पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर हाईवे पर सवारियों से भरी शताब्दी बस पलट गई। जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी होते ही पूंछ थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल यात्रियों को निकालकर उपचार के लिए मेडिकल कालेज भेजा।

गुरुवार और शुक्रवार की रात्रि थी। लगभग ढाई बज रहा था। इसी दौरान फतेहपुर से सूरत जा रही बस क्रमांक यूपी 75 एटी 5555 सवारियों झांसी जिले में पूंछ थाना क्षेत्र में पहुंची। जहां झांसी-कानपुर हाईवे पर बाइपास से गुजरते समय राधे-राधे होटल के पास चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा।

इससे पहले वह नियंत्रण करता बस पलट गई। जिससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जानकारी होते ही थाने की पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत कार्य शुरु करते हुए घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां अब उनकी हालत में पहले से सुधार बताया जा रहा है।

ड्राइबर बदलते ही बस पलटी

यात्री विजय ने बताया कि फतेहपुर से बस में सवार होकर सूरत जा रहा था। झाँसी तक ड्राइवर अच्छे से बस चला रहा था। दूसरा ड्राइवर दिन से ही शराब पी रहा था। वह रात को पहले वाले ड्राइवर को हटाकर बस चलाने लगा।

वो बहुत तेज गति से लापरवाही से बस चला रहा था। मुश्किल से बस 15 मिनट ही चल पाई होगी और अचानक पलट गई। बस में अधिकतर यात्री सो रहे थे। जैसे ही बस पलटी तो नींद खुल गई और यात्री चिल्लाने व रोने लगे। यह बस सत्यम ट्रैवल्स की है। बस फतेहपुर से अहमदाबाद सूरत जा रही थी।

यह लोग हुआ घायल

फतेहपुर क्षेत्र के थरयाव निवासी सुनील कुमार, फतेहपुर के चुरयानी निवासी विजय, फतेहपुर के बड़ाखेरा निवासी सुमन देवी, कानपुर के गोपालपुर निवासी कोशल यादव, फतेहपुर के मलईया निवासी रोहित साहू, फतेहपुर के ग्राम अस्ती निवासी इदरीश कुमार, इमरान, फतेहपुर के उघन्तापुर निवासी अमरजीत सिंह, फतेहपुर के ग्राम टीकर निवासी कमलेश कुमार, रमाशंकर, फतेहपुर के ग्राम हसुआ निवासी मनीष पासी, मंजेश व फतेहपुर के ग्राम सोनगरिया निवासी अतुल आदि लोग शामिल है।

Tags:    

Similar News