Jaunpur News: जौनपुर जिला जेल के जेलर के खिलाफ विजिलेंस ने दर्ज कराया मुकदमा, आय से अधिक संपत्ति का है मामला
Jaunpur News: जेलर अजय कुमार राय के खिलाफ वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश शासन सतर्कता अनुभाग 3 की ओर से आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेलर के खिलाफ गोपनीय जांच का आदेश विजिलेंस विभाग को दिए गए थे।;
जौनपुर जिला जेल के जेलर के खिलाफ विजिलेंस ने दर्ज कराया मुकदमा, आय से अधिक संपत्ति का है मामला: Photo- Social Media
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर जिला जेल के जेलर अजय कुमार राय के खिलाफ शासन के निर्देश पर विजिलेंस ने लखनऊ में एफआईआर दर्ज कराया है। जेलर अजय कुमार राय पर यह मुकदमा राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत दर्ज कराया गया है। जेलर अजय कुमार राय के खिलाफ वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश शासन सतर्कता अनुभाग 3 की ओर से आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेलर के खिलाफ गोपनीय जांच का आदेश विजिलेंस विभाग को दिए गए थे।
आय से अधिक खर्च किया गया
बता दें कि जांच में जेलर की ओर से लगभग 7 लाख रुपए आय से अधिक खर्च करना पाया गया है। विजिलेंस की पूछताछ में जेलर अजय कुमार राय की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने के बाद केस दर्ज कराया गया है। राजधानी लखनऊ के आदर्श कारागार में भी जेलर अजय कुमार राय तैनात रह चुके हैं।
सभी वैध स्रोतों से आने वाली आय से अधिक खर्च पाया गया
इस मामले में थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन सतर्कता अनुभाग 3 ने अप्रैल 2023 में जांच के आदेश दिए थे। अगस्त 2024 तक जांच चली। मामले में पाया गया कि अजय कुमार राय ने जेलर के पद पर रहते हुए जांच अवधि में अपनी आय के समस्त ज्ञात व वैध स्रोतों से कुल 12 लाख 51 हजार 119 रुपये अर्जित किए। इसी अवधि में उनके परिवार के भरण पोषण एवं पर संपत्तियों पर कुल रुपया 19 लाख 42 हजार 343 व्यय किया जाना पाया गया।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में पाए गए दोषी
इस प्रकार जांच के लिए निर्धारित की गई चेक अवधि में अजय कुमार द्वारा ज्ञात व वैध स्रोतों से अर्जित की गई अपनी आय के सापेक्ष रुपया 6 लाख 91 हजार 224 अधिक व्यय किया गया जो कि उनकी ज्ञात हुआ वैध स्रोतों से अधिक है। इन रुपयों के बारे में अजय कुमार राय द्वारा कोई स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया। जांच से अजय कुमार आय से अधिक संपत्ति के मामले में दोषी पाए गए। विजिलेंस थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि जेलर अजय कुमार राय के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।