UP News: राजा भैया की पत्नी भानवी ने गृह मंत्री शाह से लगाई न्याय की गुहार, जालसाजी और धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई की मांग

UP News: लोकसभा चुनाव से पहले भी भानवी सिंह एक्स पर लगातार पोस्ट लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के पुलिस अफसरों से न्याय की गुहार लगाती रही हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-06-28 04:05 GMT

राजा भैया की पत्नी भानवी (photo: social media ) 

UP News: जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई है। एक्स पर लिखी अपनी पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ़ गोपाल जी को धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच करा कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। लोकसभा चुनाव से पहले भी भानवी सिंह एक्स पर लगातार पोस्ट लिखकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश के पुलिस अफसरों से न्याय की गुहार लगाती रही हैं।

अक्षय प्रताप पर पिछले साल दर्ज कराया था केस

राजा भैया की पत्नी ने 2023 में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ दिल्ली की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) विंग में कई धाराओं के तहत केस दर्द कराया था। उन्होंने धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाते हुए धारा 420, 467, 468, 471, 109 और 120 बी के तहत केस दर्ज कराया था। उन्होंने अक्षय प्रताप सिंह पर फर्जी हस्ताक्षर करके अपनी कंपनी के शेयर हड़पने का बड़ा आरोप लगाया था।

उनका आरोप था कि अक्षय प्रताप सिंह ने फर्जी डिजिटल साइन बनवाकर यह धोखाधड़ी की। भानवी सिंह का कहना था कि फर्जी साइन के जरिए वे उन्हें हटाकर कंपनी के खुद डायरेक्टर बन गए। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है मगर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।


गृह मंत्री से लगाई न्याय की गुहार

भानवी सिंह ने कहा कि सवा साल बीत जाने के बावजूद अभी तक कार्रवाई के नाम पर कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने एक्स पर लिखी अपनी पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। भानवी ने कहा कि उन्होंने फरवरी 2023 में अक्षय प्रताप सिंह समेत 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अपना बयान भी दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज हुए एक वर्ष से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद दिल्ली पुलिस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा पर इस मामले में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह को बचाने का बड़ा आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से मामले को ठंडे बस्ते में डाले जाने के कारण उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस मामले में निष्पक्ष जांच करा कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करानी चाहिए।


आरोपों को खारिज करते रहे हैं अक्षय प्रताप

इस मामले में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के अलावा अनिल कुमार सिंह, इंद्रदेव पटेल, कुंडा के उमेश कुमार निगम, हरिओम शंकर श्रीवास्तव, लखनऊ के सीए अरुण कुमार रस्तोगी, रामदेव यादव और अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। भानवी सिंह ने जिस कंपनी को लेकर यह आरोप लगाए हैं,उसका नाम श्री द प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड है। दिल्ली-एनसीआर, लखनऊ और अमेठी में इस कंपनी की कई संपत्तियां हैं। भानवी सिंह की ओर से आरोप लगाया गया है कि सभी आरोपित कंपनी के जरिए बेनामी संपत्तियों का कारोबार करने में भी जुटे हुए हैं।

दूसरी और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह आरोपों को खारिज करते रहे हैं। उनका कहना है कि भानवी सिंह की ओर से जितने पैसे हड़पने का आरोप लगाया गया है,उतना पैसा तो हर वर्ष सामूहिक विवाह में ही खर्च कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर न्याय मांगना है तो उन्हें राजा भैया के पास जाना चाहिए। राजा भैया भी मामले में अक्षय प्रताप सिंह का समर्थन करते रहे हैं।



Tags:    

Similar News