UP News: कांग्रेस के पोस्टर से राहुल गांधी गायब, सिर्फ दिखाई दे रहीं प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर लगी होर्डिंग से राहुल गांधी गायब हैं, बड़े से पोस्टर में सिर्फ प्रियंका गांधी ही दिखाई दे रही हैं।

Written By :  Rahul Singh Rajpoot
Newstrack :  Network
Update:2021-07-14 20:46 IST
प्रदेश कार्यालय में लगी प्रियंका गांधी की होर्डिंग, 

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश के दौरे पर आ रही हैं। प्रियंका के दौरे को लेकर जहां कांग्रेस नेता तैयारियों में जुटे हैं वहीं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के अंदर कैंपस में लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में सिर्फ प्रियंका गांधी नजर आ रही हैं। आम तौर पर कांग्रेस के छोटे-बड़े किसी कार्यक्रम में यह देखा जाता है कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी की तस्वीर जरुर लगी हुई होती है लेकिन प्रदेश मुख्यालय के अंदर बने पार्क में लगाई गई बड़ी सी होर्डिंग में उगते सूर्य के साथ सिर्फ प्रियंका गांधी और पार्टी का निशान पंजा नजर आ रहा है। ऐसे लोगों के बीच चर्चा है कि इस बार यूपी में राहुल गांधी के चेहरे पर नहीं बल्कि प्रियंका गांधी के चेहरे पर कांग्रेस 2022 के चुनावी रण में उतरेगी।

होर्डिंग पर कांग्रेस प्रवक्ता ने क्या कहा

पार्टी दफ्तर के अंदर लगी इस होर्डिंग के बारे में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव का कहना है कि राहुल गांधी केंद्रीय नेता हैं जबकि प्रियंका गांधी यूपी कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी हैं, राहुल गांधी देश की राजनीति कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी संभाल रही हैं। उनका कहना है कि प्रियंका गांधी से लोगों की काफी अपेक्षाएं हैं, इसलिए उनकी होर्डिंग में उगते हुए सूरज को लगाया है। जिस तरह से सूर्य अपनी रोशनी से सबको रौशन करता है उसी तरह प्रियंका गांधी की अगुवाई में 2022 में कांग्रेस सत्ता में आएगी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यूपी की जनता प्रियंका गांधी को उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। लोग प्रियंका गांधी को विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

Full View

यूपी में सक्रिय हैं प्रियंका गांधी

बता दें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद से उत्तर प्रदेश की राजनीति में लगातार सक्रिय हैं। प्रियंका गांधी जैसे-जैसे यूपी में सक्रिय होती गईं, राहुल गांधी दिल्ली की राजनीति पर फोकस कर रहे हैं। प्रियंका के पोस्टर से राहुल गांधी क्यों गायब हैं? इससे कांग्रेस क्या संदेश देने की कोशिश कर रही है? यह साफ नहीं है फिर भी इसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।

चार दिन लखनऊ में रहेंगी प्रियंका

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बेहद तैयारी के साथ उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतर रही हैं। प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में जोरदार तैयारी के साथ उतरने की वर्चुअल तैयारी देख चुकीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी अब धरातल का सच परखना चाहती हैं। नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठक करने के बाद उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा अब 16 जुलाई से चार दिन के लखनऊ दौरे पर रहेंगी। लखनऊ के चार दिनों के लखनऊ दौरे के दौरान प्रियंका गांधी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी सदस्यों और राज्यों के विभिन्न हिस्सों के जिला और शहर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी।

Tags:    

Similar News