Raebareli News: फौजी होना ही बन गया काल, पुलिस ने जमकर पीटा
Raebareli News: जब उच्चाधिकारियों ने घटना की जांच कराई तो थानेदार सहित एक दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।;
Raebareli Police beaten the soldier
Rae Bareli News: रायबरेली में एक फौजी को थाने में खुद को फौजी बताना भारी पड़ गया। अभी कुछ दिन पहले भदोखर थाना में एक फौजी अपनी गाड़ी के कागजात खो जाने के मामले में शिकायत लेकर जाना महंगा पड़ गया और थाने के दरोगा ने जमकर फौजी को पीटा था। बाद में जब उच्चाधिकारियों ने घटना की जांच कराई तो थानेदार सहित एक दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया।
फौजी फौजी की रट लगा रखी है डाल दो हवालात में...
आज फिर एक फौजी के साथ जमकर मारपीट हुई थी और उसी की शिकायत करने वह थाने गया था। थानेदार साहब ने फौजी को आड़े हाथों लेते हुए मातहतों से कहा कि इसने फौजी फौजी की रट लगा रखी है डाल दो हवालात में। किसी तरह पीड़ित फौजी थाने से तो चला आया और सुबह जब एसपी के पास पहुंचा तो यहां भी पुलिस मुखिया को ग़लत जानकारी दिए जाने से उसे इंसाफ मिलने की उम्मीद धूमिल पड़ गयी है।
क्या है पूरा मामला
मामला लालगंज थाना इलाके का है। यहां पसिया खेड़ा गांव के रहने वाले फौजी अमित सिंह राजस्थान में नायक के पद पर तैनात हैं। अमित सिंह इन दिनों छुट्टी पर आए हुए हैं। बीती रात वह ढाबे से खाना खाकर गांव वापस लौट रहे थे। गांव से पहले एक चार पहिया वाहन को संदिग्ध परिस्थिति में खड़ी देखकर पूछताछ की तो उस पर सवार लोगों ने फौजी को बंदूक की बट से जमकर पीटा। बताया जा रहा है कि वाहन सवारों में से एक मुन्ना सिंह भी था जो वर्तमान में प्रधान है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।
यहां से पिटने के बाद फौजी थाने पहुंचा तो वहां सुनवाई की जगह अपमानित होना पड़ा और थानेदार ने फौजी को हवालात तक में डाल देने की धमकी दी। उधर फौजी जब अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचा तो यहां भी निराशा हाथ लगी। पुलिस अधीक्षक ने थानेदार से मामले में जानकारी ली तो उसने अपने अधिकारी को भी गुमराह कर दिया। थानेदार ने बताया कि दोनों लड़कर आये थे और फौजी ठीक से बात नही कर रहा था।
समझना मुश्किल नहीं कि थानेदार गुमराह कर रहा है क्योंकि प्रधान मुन्ना सिंह अपने पांच साथियों के साथ था जबकि फौजी अपने भाई के साथ। दो निहत्थे व्यक्ति छह असलहाधारियों से लड़ कैसे सकता है।