Raebareli News: हार के बाद दिनेश प्रताप सिंह का फैसला, एक साल नहीं करेंगे जनसुनवाई, राहुल गांधी को दी चेतावनी

Raebareli News: राहुल गांधी से हार के बाद मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जनता दूसरे चरण के मतदान के बाद भ्रमित हो गई थी। यह पार्टी के लिए चिंता का विषय है।

Report :  Narendra Singh
Update: 2024-06-05 12:36 GMT

पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा नेता दिनेश सिंह। (Pic: Newstrack)

Raebareli News: लोकसभा चुनाव में अपनी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की जीत कांग्रेस पार्टी की नहीं है, बल्कि यह जीत समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जीत में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी का कोई भी योगदान नहीं है, जो भी योगदान है वह सिर्फ और सिर्फ अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि इस जीत के लिए मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बधाई देना चाहूंगा।

अब एक साल तक नहीं करेंगे जनसुनवाई

दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह पंजे के निशान से चुनाव लड़ जाएं तो मैं उन्हें हराकर वापस दिल्ली भेजूंगा। भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश के राज्य मंत्री दिनेश सिंह ने राहुल गांधी की जीत के बाद एक साल के लिए जनसुनवाई न करने का मन बनाया है। उन्होंने कहा कि वह रायबरेली की जनता के लिए मंत्री की हैसियत से हर शनिवार और रविवार उपलब्ध रहते थे। उनकी समस्याएं सुनकर मदद का भरसक प्रयास करते थे। इसके अतिरिक्त किसी के सुख दुख में पहुंचते भी थे। उन्होंने कहा कि राहुल को चाहिए कि वह यहां हर शनिवार और रविवार उपलब्ध रह कर जनता की समस्याएं सुनें और उसका निदान करें। बता दें कि राहुल गांधी ने दिनेश सिंह को लगभग चार लाख वोटों से शिकस्त दी है।

जनता को बताया भ्रमित

अयोध्या में भाजपा प्रत्याशी के हारने पर दिनेश प्रताप सिंह ने दुख जताया है। उनका कहना है कि यह भारतीय जनता पार्टी और मेरे जैसे कार्यकर्ता के लिए चिंतन का विषय है। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि दूसरे चरण के बाद जनता भ्रमित हो गई। जनता में एक भ्रम फैला दिया गया और इसी भ्रम का फायदा विपक्ष ने उठाया। भाजपा की कुछ सीट कम हो गई। उन्होंने कहा कि मुझे पूरी उम्मीद है कि आने वाले कुछ सालों में हम इस भ्रम को दूर करने में सफल होंगे। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि लखनऊ में जब राजनाथ सिंह के वोट में अंतर आ गया, मोहनलालगंज सीट हम हार गए, अमेठी से स्मृति ईरानी हार गईं। ऐसे में मेरे वोट में कमी आना कोई बड़ी बात नहीं है। इस बार जनता भ्रमित हो गयी थी। 

मतदाताओं का जताया आभार

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि रायबरेली की देवतुल्य जनता व राहुल गांधी को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जहां कहीं उनके सकारात्मक सहयोग की जरूरत पड़ेगी, वह अपना सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने रायबरेली के मतदाताओं का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और शुभ चिन्तकों साथियों को अनवरत बिना रूके, बिना थके हमेशा सेवा देता रहूंगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी दायित्व देगी, उसका निर्वहन करते रहेंगे।

Tags:    

Similar News