Raebareli News: मुस्लिम महिलाओं ने लगाए 'शुक्रिया मोदी भाईजान' के नारे

Raebareli News: मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा का समर्थन करते हुए शुक्रिया मोदी भाईजान के नारे लगाए। साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के कार्यों की तारीफ की।

Report :  Narendra Singh
Written By :  Sidheshwar Nath Pandey
Update: 2024-05-07 09:55 GMT

भाजपा समर्थन में मुस्लिम महिलाएं। (Pic: Newstrack)

Raebareli News: देश के 11 राज्यों में 93 लोकसभा सीटों पर आज मतदान जारी है। उत्तर प्रदेश में भी 10 सीटों पर मतदान किए जा रहे हैं। पांचवे चरण में 20 मई को रायबरेली में मतदान होना है। इस बीच रायबरेली से भाजपा के लिए अच्छी खबर आई है। रायबरेली में मुस्लिम महिलाओं ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है। यहां जिला भाजपा कार्यालय पर सैकड़ों की तादाद में इकट्ठा हुई मुस्लिम महिलाओं ने शुक्रिया मोदी भाई जान के नारे लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी को ही वोट किये जाने का संकल्प लिया।

शुक्रिया मोदी भाईजान के लगे नारे

प्रधानमंत्री मोदी की सककार में महिलाओं के हित में लिए गए फैसले पर महिलाओं ने अपनी खुशी जाहिर की। भाजपा जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा के नेतृत्व में इकट्ठा हुई महिलाओं ने इस दौरान तीन तलाक़, मुफ्त राशन और आवास दिये जाने को लेकर पीएम मोदी को अपना हितैषी बताया है। इस दौरान मुस्लिम महिलाओं ने कहा, यह कुप्रचार किया जाता है कि भाजपा मुसलमानों से भेदभाव करती है। उन लोगों ने कुप्रचार का जवाब देते हुए कहा है कि यदि ऐसा होता तो केंद्र और राज्य की योजनाओं में उनका बराबर से हक न मिल रहा होता। मुस्लिम महिलाओं ने शुक्रिया मोदी भाईजान का नारा लगाते हुए एक बार फिर मोदी को पीएम बनाये जाने का संकल्प भी लिया।


राहुल गांधी हैं कांग्रेस उम्मीदवार

कांग्रेस की गढ़ कही जाने वाली रायबरेली सीट पर इस बार कांग्रेस ने अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को मैदान में उतारा है। इस सीट से कांग्रेस राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी लगातार 20 साल तक सांसद रहीं। सोनिया गांधी से पहले यहां से इंदिरा गांधी भी सांसद रहीं। रायबरेली की जनता ने 1967-84 तक इंदिरा गांधी को यहां से सांसद चुना। इनसे भी पहले फिरोज गांधी ने 1952-57 तक रायबरेली का प्रतिनिधित्व किया। माना जा सकता है कि रायबरेली में कांग्रेस की मजबूत पकड़ है। अब इस चुनावी विरासत को सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को सौंपी है। इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। मगर नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन कांग्रेस ने रायबरेली से राहुल के नाम की घोषणा कर दी। अब राहुल का सामना रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह से है। बता दें कि राहुल गांधी रायबरेली के साथ साथ वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 

दलित मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा

रायबरेली में 4.19 लाख मुस्लिम मतदाता हैं। जो पूरी आबादी का लगभग 13 प्रतिशत है। अन्य जातियों की बात करें तो दलित मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। 34 लाख की जनसंख्या वाले इस लोकसभा क्षेत्र में 34 फीसदी दलित मतदाता हैं। ऐसे में मुस्लिम समुदाय का वोट भाजपा की तरफ जाने पर भाजपा को फायदा मिल सकता है। रायबरेली से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी को इससे नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।

पीएम मोदी ने मुस्लिम महिलाओं के लिए काम

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मोहम्मद शरीफ ने बताया की मुस्लिम महिलाएं पीएम मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के कार्यों के बारे में जनता को बताएंगी। इसीलिए सभी मुस्लिम महिलाएं आज इकट्ठा हुई हैं। मुस्लिम महिला मदीना खान ने बताया की पीएम मोदी ने मुस्लिम महिलाओं के लिए बहुत बड़ा काम किया है। जैसे तीन तलाक पर रोक लगाया, मकान दिया, मुफ्त में राशन दिया, शौचालय बनवाया जिस से महिलाएं सुरक्षित रहें। हम मुस्लिम महिलाएं मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए वोट करेंगे। 

Tags:    

Similar News