Lok Sabha Election 2024: 'सोनिया गांधी अल्लाह-अल्लाह कर जीती थीं 2019 चुनाव', योगी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बोले

Lok Sabha Election 2024: दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी पूरी मेहनत से इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेगी। मुझे पूरी उम्मीद है कि 2024 में रायबरेली से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। रायबरेली की जनता सब समझती है।'

Report :  Narendra Singh
Update: 2024-01-10 14:35 GMT

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह (Social Media)

Raebareli News: लोकसभा चुनाव के दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राजनीतिक दलों के नेता एक-दूसरे पर छींटाकशी से भी बाज नहीं आ रहे। रायबरेली से स्वतंत्र प्रभार उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह (Dinesh Pratap Singh) ने बुधवार (10 जनवरी) को प्रेस वार्ता की। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान पर कटाक्ष करते हुए उद्यान मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस को नसीहत दी। कहा कि, '2019 के लोकसभा चुनाव में भी सभी लोगों ने देखा होगा अल्लाह- अल्लाह कर सोनिया गांधी ने चुनाव जीता था। सोनिया भले ही चुनाव जीत गईं, लेकिन बीजेपी ने जरूर दांत खट्टे किये'।

दिनेश प्रताप सिंह- 'वो दिन लद गए जब...' 

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, '2019 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार को 3 लाख 45 हजार वोट प्राप्त हुए थे। बीजेपी दूसरे स्थान पर जरूर रही थी। उन्होंने मौजूदा सांसद सोनिया गांधी पर तंज भरे लहजे में कहा, 'अगर आप सिर्फ सर्टिफिकेट लेने और नामांकन करने रायबरेली पहुंचेंगी और चाहेंगी कि जीत का सहारा उन्हीं के सिर बंधे, तो वो दिन लद गए। कांग्रेस अब भूल जाए, ऐसे दिन आएंगे।'

'रायबरेली से कांग्रेस का होगा सूपड़ा साफ'

दिनेश प्रताप सिंह ने आगे कहा, 'भारतीय जनता पार्टी पूरी मेहनत से इस बार लोकसभा चुनाव लड़ेगी। मुझे पूरी उम्मीद है कि 2024 में रायबरेली से कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। रायबरेली की जनता सब समझती है। दरअसल, बीजेपी नेता रायबरेली महोत्सव को लेकर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए मीडिया से बात कर रहे थे। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।'

गांधी परिवार का कोई भी सदस्य हो, हारेगा 

उद्यान मंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह ने साफ तौर पर कहा कि, 'राहुल गांधी की यात्रा तो पहले भी चली थी। उसके नतीजों से आप बखूबी रूबरू हुए। कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। 2024 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि गांधी परिवार का कोई भी सदस्य चाहे वह जो भी हो चुनाव मैदान में होगा, उसे हार का सामना करना पड़ेगा।'

'ऊंट किस करवट बैठता है'

मंत्री ने कहा, 'रायबरेली की जनता अबकी बार भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को बहुमूल्य वोट देकर विजय बनाने का काम करेगी। फिलहाल यह देखने वाली बात होगी, कि आने वाले चुनाव में ऊंट किस करवट बैठता है। जनता के बीच 5 वर्षों तक ना आना भी कांग्रेस को कटघरे में जरूर खड़ा करेगा। विपक्षियों के लिए यह मुद्दा अहम होगा।'

11 से 13 जनवरी तक होगा रायबरेली महोत्सव 

स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने आखिर में कहा, 'फिलहाल रायबरेली में 11 जनवरी से रायबरेली महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के द्वारा रायबरेली महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। कई तरह के आयोजन इस दौरान होंगे। सभी क्षेत्रीय विधायक, विधान परिषद के सदस्य आदि उपस्थित रहेंगे। वहीं, 13 जनवरी को रायबरेली महोत्सव का समापन एक अन्य डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के द्वारा किया जाएगा। 

Tags:    

Similar News