Raebareli News: सोनिया के गढ़ में कांग्रेस को मिली संजीवनी, भाजपा कैंडिडेट को 17 हजार से अधिक वोटों से हराया

Raebareli News: विधानसभा चुनाव में जहां कॉंग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी वहीं रायबरेली नगर पालिका की सीट को कॉंग्रेस के शत्रोहन सोनकर ने आसानी से जीत ली।

Update: 2023-05-13 20:18 GMT
UP Nikay Chunav 2023 Result

Raebareli News: पूरे प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर जहां भाजपा की आंधी रही वहीं रायबरेली में चौंकाने वाले परिणाम आये हैं। यहां एक नगर पालिका और नौ नगर पंचायत में से पांच पर ही भाजपा जीत दर्ज करा पाई है। शहर की नगर पालिका सीट पर सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में कॉंग्रेस को संजीवनी मिली है। विधानसभा चुनाव में जहां कॉंग्रेस खाता भी नहीं खोल पाई थी वहीं रायबरेली नगर पालिका की सीट को कॉंग्रेस के शत्रोहन सोनकर ने आसानी से जीत ली। शत्रोहन सोनकर ने भाजपा की शालिनी कनौजिया को 17 हज़ार 7 सौ 57 वोटों से हरा दिया।

सत्ताधारी दल के विधायक अशोक कोरी की विधानसभा और केंद्रीय मंन्त्री स्मृति इरानी के संसदीय क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है। यहां की तीन नगर पालिका सीट पर निर्दलीयों ने जीत का परचम लहराया है। यहां सलोन में निर्दलीय प्रत्याशी चंद्रशेखर रस्तोगी ने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के अली अहमद राइनी को 1600 वोटों से हराया है। वहीं परशदेपुर में निर्दलीय प्रत्याशी विनोद कौशल ने सपा के मोहम्मद इस्लाम को 129 वोटों से हरा दिया। उधर नसीराबाद में निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद अली ने भाजपा की अनीसा बानों को 5 सौ 21 वोटों से हरा दिया है। ऊंचाहार नगर पंचायत में भाजपा की ममता जायसवाल ने बसपा की तबस्सुम खातून को 1120 वोटों से शिकस्त दी है। डलमऊ में भाजपा के ब्रजेश दत्त गौड़ ने सपा के मोहम्मद अकरम को 645 वोटों से हराया है।

लालगंज में कांग्रेस जीती

लालगंज में कॉंग्रेस की सरिता गुप्ता ने भाजपा की ऊषा पांडेय को 1155 वोटों से मात दे दी। बछरावां में भाजपा के शिवेंद्र सिंह उर्फ रामजी ने सपा के प्रमोद पटेल को 2 हज़ार 3 सौ 7 वोटो से पटखनी दे दी। उधर नवसृजित शिवगढ़ नगर पंचायत के लिए भाजपा की सुमन गौतम ने निर्दलीय अर्चना पासी को 35 सौ 3 वोटों से हराया है। महराजगंज नगर पंचायत में भाजपा की सरला साहू ने सपा के शोभनाथ वैश्य को 13 सौ 79 मतों से शिकस्त देकर चौथी बार सीट पर कब्ज़ा जमाया है। रायबरेली नगर पालिका पर कॉंग्रेस का झंडा बुलंद करने वाले शत्रोहन सोनकर ने इस दौरान कहा कि उनकी जीत से यहां कॉंग्रेस मजबूत होगी और 2024 में इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Tags:    

Similar News