Saharanpur News: प्रबुद्ध सम्मेलन में बोले सतीश चंद्र मिश्र, ब्राह्मणों का सम्मान बसपा में सुरक्षित

सहारनपुर पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

Report :  Neena Jain
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-08-11 13:56 GMT

सतीश चंद्र मिश्र

Saharanpur News: बसपा की प्रबुद्ध विचार संगोष्ठी में शामिल होने के लिए सहारनपुर पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र का गर्मजोशी के साथ माला पहना कर व मंत्रोचारण के बीच स्वागत किया गया। प्रबुद्ध वर्ग समाज की संगोष्ठी में आए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि भाजपा के अत्याचारों से दुखी ब्राह्मण समाज ही उसे सत्ता से बाहर करेगा। उन्होंने कहा कि जितना शोषण और उत्पीड़न ब्राह्मण समाज का भाजपा सरकार में हुआ है वह कभी किसी सरकार में नहीं हुआ। बसपा ने ब्राह्मण समाज को सबसे ज्यादा सम्मान, सुरक्षा और तरक्की देने का काम किया है।

भाजपा सरकार में ब्राह्मणों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं और फर्जी एनकाउंटर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब ब्राह्मणों पर अत्याचार नहीं सहा जाएगा। बसपा हमेशा ब्राह्मणों के सम्मान के लिए खड़ी रहेगी। सांसद सतीश मिश्र ने कहा कि वो पहले सहारनपुर तब आये थे जब शब्बीरपुर में दलितों पर अत्याचार हुआ था। तब भी सरकार ने बसपा सुप्रीमो को रोकने के लिए हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति नहीं दी थी। तब मायावती सड़क मार्ग से ही शब्बीरपुर में दलितों के बीच पहुंची थी और इसके बाद राज्य सभा से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में वर्ष 2007 में बनी तो बहन जी ने ब्राह्मण समाज के लोगों को बड़े मंत्रालय दिए। 15 एमएलसी बनाए, 35 को तो मंत्री का दर्जा दिया गया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ब्राह्मण समाज को शोषण देने के अलावा कुछ नहीं दिया। सभी वर्गों के साथ भाजपा ने छलावा किया है।


किसानों से आमदनी दोगुनी करने का वादा किया, लेकिन किसान आज सड़क पर हैं। एक साल हो गया। किसानों के प्रदर्शन में 500 लोग मर गए, इनको कोई फर्क नहीं पड़ा। भाजपा केवल तीन उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है।

प्रदेश का 16 प्रतिशत ब्राह्मण समाज 2007 की तरह 2022 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेगा। उन्होंने कहां योगी सरकार में ब्राह्मणों के 700 से ज्यादा एनकाउंटर किए गए हैं। कानपुर के बिकरू कांड के आरोपी को बांधकर, गाड़ी पलटा कर मारा गया है। इस सरकार में कानून का राज नहीं रहा पुलिस का गुंडाराज चल रहा है। सरकार में बैठे लोग ब्राह्मणों को डराने धमकाने का काम कर रहे हैं।


सम्मेलन के बाद मीडिया से बात करते हुए सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनने जा रही है। यह प्रबुद्ध समाज का सम्मेलन है। इसमें सबसे ज़्यादा ब्राह्मण समाज के लोग इकट्ठा हुए हैं और पूरे उत्तर प्रदेश में यह चल रहा है। आज हमारा 24वाँ ज़िला था। हम इसको आगे बढ़ाते जा रहे हैं। जब तक हमारा पूरा प्रदेश नहीं हो जाएगा तब तक हम इसको करते चलेंगे। ख़ुशी की बात यह है कि 2007 में भी हम इसी तरह ब्राह्मण समाज के बीच गए थे।

उस समय ब्राह्मण समाज हमारे साथ और बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ में इकट्ठा हुआ था। अबकि बार उससे कहीं ज्यादा उत्साह दिखाते हुए वह हमारे साथ में जुड़ रहा है। जो कि यह दिखाता है कि अगले साल पूर्ण बहुमत की सरकार बहन मायावती की बनेगी और उत्तर प्रदेश की वह पाँचवीं बार मुख्यमंत्री बनने का काम करेंगी। उन्होंने कहा, ब्राह्मण समाज को जो सम्मान बहुजन समाज पार्टी में मिला था वो न उसके पहले कभी मिला है और न उसके बाद में मिला है। फिर से मिलेगा जब बसपा की सरकार बनेगी।

Tags:    

Similar News