UP Nikay Chunav 2023: सपा प्रत्याशी के समर्थन में उतरे विधायक, घर-घर जाकर मांगे वोट

UP Nikay Chunav 2023: समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पारसनाथ के समर्थन में मनोज पांडे ने भी जनता के बीच पहुंचकर उनका समर्थन मांगा है।

Update: 2023-04-21 18:27 GMT
Samajwadi Party MLA Manoj Pandey

Raebareli News: जनपद में जब से ऊंचाहार विधान सभा सीट बनी है, तब से डा. मनोज कुमार पांडेय ही यहां के विधायक हैं। 2012 से इस सीट से विधानसभा पहुंच रहे सपा विधायक ने नगरपालिका में भी सपा के प्रत्याशी को बैठाने की जद्दोजहद शुरू कर दी है। उन्होंने नगरपालिका के सपा प्रत्याशी पारसनाथ के समर्थन में गांव-गांव घूमकर जनसंपर्क किया।

विधायक बोले- दो दशकों से नगरपालिका बनी लूट का अड्डा

नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रचार का दौर शुरू हो चुका है। पार्टी प्रत्याशी जनता से सीधे रूबरू हो रहे हैं और उन्हें विकास का वादा करके अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पारसनाथ के समर्थन में मनोज पांडे ने भी जनता के बीच पहुंचकर उनका समर्थन मांगा है। मनोज पांडे का कहना है कि यह एक ऐसा चुनाव है जो सीधे जनता से जुड़ा हुआ चुनाव है। उन्होंने कहा है कि पिछले दो दशकों से नगरपालिका लूट का अड्डा बन चुकी है। इस बार लूट के अड्डे को खत्म करना है और नगर पालिका को विकास के रास्ते पर ले जाना है।

विकास कार्य नहीं होने का लगाया आरोप

विधायक ने कहा कि पिछले दशकों में जो भी नगरपालिका अध्यक्ष रहे हैं, उन्होंने विकास का कोई काम नहीं किया। सड़कें जर्जर हैं नालिया बंद है, स्ट्रीट लाइट चल नहीं रही है, विकास बिल्कुल बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं नगरपालिका अध्यक्ष रहा हूं और मैंने अपनी राजनीति की शुरुआत नगर पालिका के अध्यक्ष के रूप में की थी। उस वक्त उसको एक आदर्श नगर पालिका का पुरस्कार भी मिला था। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पारसनाथ के समर्थन में वोट मांगते हुए कहा कि पारसनाथ अखिलेश यादव के प्रत्याशी हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं और मनोज कुमार पांडे के प्रत्याशी हैं। अपने कार्यकाल की बात करते हुए उन्होंने कहा कि 70 फीसदी सड़कें मेरी ही बनाई हुई हैं। बाकी के अध्यक्षों ने सिर्फ उसमें मरम्मत का काम किया है। नई सड़कें बनी ही नहीं है। मेरे काम के शिलापट्ट तोड़ दिए गए लेकिन मेरे द्वारा किए गए काम को लोग भुला नही पा रहे हैं।

Tags:    

Similar News