Sambhal: मतदान के बीच सपा का पुलिस पर आरोप, बोले- वोटरों को पीटा व धमकाया जा रहा

Samajwadi Party Allegation: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के बीच समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर वोटरों के साथ मारपीट करने व धमकाने का आरोप लगाया है। सपा ने अपने एक्स अकाउंट से एक वीडियो भी शेयर किया है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-07 07:49 GMT

Samajwadi Party Allegation: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज यूपी की 10 सीटों पर हो रहा है। इस बीच सपा ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। दरअसल, समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पुलिस दिख रही है और कुछ घायल लोग दिख रहे हैं। सपा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “संभल लोकसभा के अंतर्गत आने वाले कुंदरकी, बिलारी, चंदौसी, संभल एवं असमोली समेत सभी विधानसभा क्षेत्रों में पुलिस द्वारा मतदाताओं को पीटा एवं धमकाया जा रहा है। अनावश्यक रूप से वोटर पर्ची की चेकिंग करके मतदाताओं को परेशान करके मतदान को प्रभावित किया जा रहा है।”


यूपी की 10 सीटों पर चुनाव

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत यूपी की 10 सीटों पर मतदान जारी है। इन सीटों में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल है। आज के इस मतदान के साथ उत्तर प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं की साख जुड़ी हुई हैं। यादव कुनबे के तीन सदस्य चुनावी मैदान में हैं। बदायूं से सपा की टिकट से दिग्गज नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव चुनावी मैदान में हैं। वहीं मैनपुरी से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव प्रत्याशी हैं। साथ ही फिरोजाबाद सीट से रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव चुनावी मैदान में हैं।

इन तीन सीटों पर यादव कुनबे के सदस्य

मैनपुरी लोकसभा सीट

यूपी की चर्चित सीटों में शामिल मैनपुरी भी इन्हीं हाई-प्रोफाइल सीटों की लिस्ट में शामिल है। मैनपुरी से दिवंगत सपा नेता मुलायम सिंह की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी ने डिंपल के खिलाफ जयवीर सिंह और बसपा ने शिवप्रसाद यादव को टिकट दिया है।

बदायूं लोकसभा सीट

बदायूं सीट इस बार काफी चर्चा में रही है। दरअसल, सबसे पहले सपा ने इस सीट से धर्मेंद्र यादव को टिकट दिया था। फिर सपा ने धर्मेंद्र यादव का टिकट काट कर शिवपाल यादव को उम्मीदवार बनाया और अंत में शिवपाल यादव का भी टिकट काट कर सपा ने उनके बेटे आदित्य यादव को चुनावी मैदान में उतारा। बीजेपी ने इस सीट से दुर्विजय सिंह शाक्य को टिकट दिया है।

फिरोजाबाद लोकसभा सीट

यह सीट इस लिए महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकी इस सीट से सपा ने अक्षय यादव को टिकट दिया है। सपा उम्मीदवार अक्षय यादव सैफई परिवार से हैं। वह सपा के दिग्गज नेता रामगोपाल यादव के बेटे हैं। 2014 के चुनाव में अक्षय को इस सीट से जीत मिली थी। वहीं पिछले चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार डा. चंद्रसेन जादौन ने उन्हें पटकनी देते हुए जीत दर्ज की थी। इस बार अक्षय दोबारा चुनावी मैदान में हैं।

Tags:    

Similar News