Sant Kabir Nagar: भ्रष्टाचारी बीडीओ के खिलाफ प्रधान संघ ने जीती जंग, श्वेता वर्मा बनी नाथनगर की नई बीडीओ

Sant Kabir Nagar: गैर जनपद में बैठ कर अपने चहेतों का मनरेगा मैटेरियल का भुगतान करना, मनमानी वित्तीय स्वीकृति, अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का उलंघन करना नाथनगर के बीडीओ अशोक श्रीवास्तव पर भारी पड़ा।

Report :  Amit Pandey
Update: 2022-09-15 17:14 GMT

Sant Kabir Nagar News Today: गैर जनपद में बैठ कर अपने चहेतों का मनरेगा मैटेरियल का भुगतान करना, मनमानी वित्तीय स्वीकृति, अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का उलंघन करना नाथनगर के बीडीओ अशोक श्रीवास्तव पर भारी पड़ा। नाथनगर प्रधान संघ द्वारा बीडीओ के खिलाफ छेड़े गए जंग को सही मानते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने आखिरकार गुरुवार को अपना न्यायिक फरमान सुना ही दिया। बीडीओ पर प्रधान संघ द्वारा लगाए गए आरोपों को जांच में सही पाए जाने के बाद डीएम ने बीडीओ अशोक श्रीवास्तव को जिले से सम्बद्ध कर, उनके कारगुजारी की शिकायत शासन से करते हुए कार्रवाई की संतुति की है। साथ ही बघौली की बीडीओ श्वेता वर्मा को नाथनगर बीडीओ को अतिरिक्त प्रभार देकर नई जिम्मेदारी भी सौंप दी है।

एक सप्ताह से पूर्व प्रधान डीएम से मिलकर बीडीओ के भ्रष्टाचार की शिकायत करते हुए उन्हें हटाने की मांग कर रहे थे। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण बहादुर पाल के नेतृत्व में ग्राम प्रधानों ने जिला प्रशासन को बुधवार तक का अल्टिमेटम दिया था। बुधवार की देर शाम जब डीएम का कोई आदेश नहीं आया तो प्रधानों ने भरी बारिश के बीच नाथनगर ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी करते हुए अनिश्चित कालीन आंदोलन शुरू कर दिया। प्रधान संघ के आंदोलन को समाप्त करने के लिए बीडीओ ने भी अपने चैनल को सक्रिय कर दिया। सूत्रों का दावा है कि आंदोलन के जिम्मेदारों को साधने का भी प्रयास किया जाने लगा। 

खुद बीडीओ भी पुलिस की भारी भरकम सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रधानों के पास पहुंच गए। बीडीओ की कारगुजारी से खार खाए आक्रोशित प्रधानों ने उनकी बात सुनने से भी इंकार करते हुए उनके हटने तक आंदोलन जारी रखने का फरमान सुना दिया। हालांकि आंदोलन के कुछ जिम्मेदारों से वार्ता का जैसे ही बीडीओ ने प्रयास शुरू किया तो उसी समय जिलाधिकारी द्वारा बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई का फरमान जारी कर दिया गया। प्रधानों ने डीएम के ऐतिहासिक फैसले का इस्तकबाल करते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया। 

प्रधान संघ अध्यक्ष कृष्ण बहादुर पाल ने इसे ग्राम प्रधानों के संघर्ष की जीत बताते हुए आशा व्यक्त किया है कि आने वाले दिनों में नए बीडीओ द्वारा ग्राम प्रधानों के हितों के बीच समानता के साथ विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। इस दौरान राजमन यादव, जिला पंचायत सदस्य अंबरीश पाल रक्कू, बिहारी पाल, महेश यादव, सर्वेश सिंह, श्री प्रकाश यादव, शमशाद अहमद गामा, ग्रीस चंद्र चौधरी, भुअर यादव, प्रदीप चौधरी, उमेश यादव, अरविंद यादव पिंकू, सलीम बाबू, फिरोज अहमद चुन्नू सहित तमाम प्रधान मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News