Sant Kabir Nagar News: राज्यपाल ने किया सहायक अध्यापिका को सम्मानित, इस हॉस्पिटल का किया शुभारंभ

Sant Kabir Nagar News: शिक्षक दिवस के एक दिन पहले यानी चार सितंबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनपद की चर्चित शिक्षिका अनीता सिंह को सम्मानित किया।

Update: 2023-09-04 14:07 GMT
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शंकुश कैंसर हॉस्पिटल का किया उद्घाटन: Photo-Newstrack

Sant Kabir Nagar News: शिक्षक दिवस के एक दिन पहले यानी चार सितंबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जनपद की चर्चित शिक्षिका अनीता सिंह को सम्मानित किया। महामहिम राज्यपाल ने संत कबीरनगर से सटे बस्ती जिले में गुजरात के शंकुश कैंसर हॉस्पिटल की शाखा का उद्घाटन किया।

अध्यापिका अनीता सिंह ने ‘ट्रेन’ के मॉडल पर जलाई शिक्षा की अलख

संत कबीरनगर जिले की खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र की प्राथमिक विद्यालय मंझरिया की सहायक अध्यापिका अनीता सिंह को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सम्मानित किया। अनीता सिंह जिले की सबसे चर्चित शिक्षक मानी जाती हैं। क्योंकि अनीता सिंह ने अपने विद्यालय को ‘ट्रेन’ के मॉडल में उतारते हुए शिक्षा की जोरदार अलख जलाई और पूरे प्रदेश में स्थान बनाया। सहायक अध्यापिका अनीता सिंह ने विद्यालय से सटे दर्जनों गांवों में अपने पैसे से निशुल्क लाइब्रेरी का निर्माण कराया है, जहां पर हजारों छात्र-छात्राएं फ्री में पुस्तकों का अध्ययन करते हैं।

अंकुश मेडिसिटी कैंसर हॉस्पिटल का किया उद्घाटन

महामहिम राज्यपाल ने संत कबीरनगर से सटे बस्ती जिले में गुजरात के शंकुश कैंसर हॉस्पिटल की शाखा का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संत कबीरनगर जिले की चर्चित शिक्षिका अनीता सिंह का उनके छात्र-छात्राओं के साथ प्रशस्ति पत्र लेकर सम्मान किया। विद्यालय के बच्चों के लिए किए गए प्रयास को देख गुजरात के शंकुश मेडिसिटी कैंसर हॉस्पिटल द्वारा शिक्षिका को सम्मान के लिए बुलाया गया गया था। कार्यक्रम में बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने और प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ (FIT India) को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक विद्यालय मंझरिया संत कबीरनगर के बच्चों को सपोर्ट ट्रैक देते हुए छात्र-छात्राओं का हौंसला बढ़ाया गया।

कौन हैं अनीता सिंह

प्राथमिक विद्यालय मंझरिया की सहायक अध्यापिका अनीता सिंह ने अपने विद्यालय को ट्रेन की शक्ल में उतारा था, जो इस तरह शिक्षा को बढ़ावा देने वाला प्रदेश का पहला विद्यालय था। सहायक अध्यापिका अनीता सिंह ने अपने घर पर लाइब्रेरी का निर्माण करते हुए सैकड़ों छात्र-छात्राओं को मुफ्त में ट्यूशन पढ़ाया। लाइब्रेरी में रखी किताबों के माध्यम से शिक्षित करने का काम करती रहीं। अनीता सिंह ने गांव-गांव लाइब्रेरी निर्माण करने का बीड़ा उठाया, आज आधा दर्जन गांवों में अनीता सिंह की चलाई हुई लाइब्रेरी संचालित हो रही हैं।

संत कबीरनगर जिले के पूर्व डीएम रवीश गुप्ता ने लाइब्रेरी का उद्घाटन किया था, वहीं सहायक अध्यापिका अनीता सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। खेल के माध्यम को बढ़ावा देते हुए अनीता सिंह ने कई बार अपने विद्यालय में बेहतर परिणाम हासिल किया था। जिसमें जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी पहुंचे थे। आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर सम्मान पाकर सहायक अध्यापिका अनीता सिंह ने कहा कि राज्यपाल ने उनको सम्मानित किया है, वो बहुत खुशी की बात है। आगे भी यह कारवां लगातार चलता रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी छात्र-छात्रा शिक्षा से वंचित नहीं रहने पाएगा।

Tags:    

Similar News