Siddharthnagar News: एम्बुलेंस में दुष्कर्म मामला, सपा व कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित महिला व उसके भाई से की मुलाकात

Siddharthnagar News: एंबुलेंस में महिलाएं सुरक्षित नहीं है फिर कहीं और सुरक्षा की कल्पना करना ही बेकार है। समय रहते यदि पीड़िता के साथ संपूर्ण न्याय नही हुआ तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।

Report :  Intejar Haider
Update: 2024-09-06 13:30 GMT

एम्बुलेंस में दुष्कर्म मामला, सपा व कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित महिला व उसके भाई से की मुलाकात: Photo- Newstrack

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के जनपद सिद्धार्थनगर की महिला के साथ बीते दिनों एंबुलेंस में हुई दुष्कर्म की घटना पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट के बाद पीड़ित महिला के पिता से उनके गांव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा ने मिल कर संवेदना व्यक्त किया। मणेन्द्र मिश्रा ने पीड़ित महिला के पिता की समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह से फोन पर बात करवाया। उन्होंने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने, दोषियों को कठोर दण्ड दिलवाने के साथ परिवार ने एक ही कमाने वाले व्यक्ति के निधन पर क्षतिपूर्ति की शासन द्वारा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के लिए समाजवादी पार्टी डटकर संघर्ष करेगी।

सपा कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल पीड़िता से मिला

मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि शीघ्र ही समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल पीड़िता से मिलकर उन्हें हर संभव मदद कराएगी। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि जब एंबुलेंस में महिलाएं सुरक्षित नहीं है फिर कहीं और सुरक्षा की कल्पना करना ही बेकार है। समय रहते यदि पीड़िता के साथ संपूर्ण न्याय नही हुआ तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।

वहीं कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद के नेतृत्व में पीड़ित महिला के गांव पहुंचा और पीड़ित महिला और उसके भाई से मिलकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित महिला को ढांढस बंधाया और उन्हें आश्वस्त किया कि उसके न्याय की लड़ाई कांग्रेस पार्टी हर स्तर से लड़ेगी। पीड़ित महिला से मिलकर कांग्रेसियों ने बांसी तहसील पहुंच कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बांसी को सौंपा। जिसमें उनसे मांग की गई कि पीड़ित महिला को बीस लाख रुपए की आर्थिक सहायता तत्काल दिलाई जाये, घटना में दोषी अभियुक्तों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाये एवं महिला से लूटे गए रुपए, मोबाइल और उसके गहने बरामद किए जायें।

मानवता को शर्मशार करने वाली घटना

कांग्रेस जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि पीड़ित महिला के साथ हुई घटना मानवता को शर्मशार करने वाली है।प्रधानमंत्री कहते हैं कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लेकिन उत्तर प्रदेश में बेटीयां एंबुलेंस तक में सुरक्षित नहीं हैं। काजी सुहेल अहमद ने कहा कि उक्त घटना को हुए एक सप्ताह बीत चुके हैं लेकिन बड़े दुर्भाग्य की बात है कि आज तक उस पीड़ित महिला से मिलकर घटना की जानकारी लेने की जहमत न तो जिला प्रशासन ने, और न ही तहसील प्रशासन ने उठाई है। लेकिन कांग्रेस पार्टी के लोग इस घटना पर चुप नहीं बैठेंगे। अगर शीघ्र ही उस पीड़ित बहन को न्याय नहीं मिला और उसको बीस लाख रुपए की आर्थिक सहायता नहीं उपलब्ध कराई गई तो हम उस पीड़ित बहन को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Tags:    

Similar News