Sonbhadra: पत्नी के सिर पर मारी बोतल, फिर खुद के पेट में लिया घोंप, दोनों की मौत

Sonbhadra News: वहां भर्ती कर चिकित्सकों ने जैसे ही उपचार शुरू किया, दोनों की सांसें थम गईं। कोन थाना क्षेत्र के महुरांव बस्ती में शुक्रवार की सुबह घटित इस वाकए की जिस किसी को जानकारी हुई वह हैरतजदा रह गया।

Update: 2022-05-20 11:45 GMT

Man killed wife commits suicide in Sonbhadra (Photo credit-newstrack)

Sonbhadra: नौकरी पर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की तैयारी करनी थी। इसकी तैयारी में पति-पत्नी में मशगूल भी थे। इसी बीच कुछ ऐसा हुआ कि दोनों ने मौत की राह पकड़ ली। घरेलू मसले पर दोनों के बीच महज कुछ मिनट के विवाद ने इस कदर तूल पकड़ा कि पति ने पत्नी के सिर पर बोतल दे मारी। इसके बाद टूटी बोतल को खुद के पेट में घोंप लिया।

जानकारी पाकर पहुंची पुलिस दोनों को कोन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां भर्ती कर चिकित्सकों ने जैसे ही उपचार शुरू किया, दोनों की सांसें थम गईं। कोन थाना क्षेत्र के महुरांव बस्ती में शुक्रवार की सुबह घटित इस वाकए की जिस किसी को जानकारी हुई वह हैरतजदा रह गया।


सरदार उर्फ शारदा चेरो 38 वर्ष उड़ीसा में काम करता था। कुछ दिन पहले ह ीवह अपने घर आया था। इसको लेकर पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। शनिवार को वाराणसी से ट्रेन पकड़कर वापस उड़ीसा काम पर जाना था। इसके लिए दो दिन पहले से तैयारियां चल रही थी। शुक्रवार की सुबह भी पति-पत्नी दोनों इसको लेकर तैयारियां में मशगूल थे और दोबारा वापस आने तक घर-गृहस्थी के कार्यों के संचालन को लेकर आपस में चर्चा कर रहे थे। इसी बीच न जाने ऐसा क्या हुआ? कि दोनों में बहस शुरू हो गई।

मामला इतना बिगड़ गया कि खफा शारदा ने घर में रखी शीशे की बोतल को उठाकर पत्नी फुलवा देवी 32 वर्ष के सिर पर दे मारा। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद उसने फूटी बोतल को अपने पेट में घोंप लिया। इससे वह भी लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पास-पड़ोस के लोग यह दृश्य देख दंग रह गए। तत्काल मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पहुंची पुलिस दोनों को उपचार के लिए कोन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई।


वहां प्राथमिक उपचार करते हुए चिकित्सकों ने चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर जैसे ही चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया कुछ मिनट के अंतराल में दोनों की मौत हो गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। उन्हें दो बेटे लाला उर्फ नीतीश 13 वर्ष, शिवम 7 वर्ष और एक लड़की है। तीनों माता-पिता की हालत देख बिलख पड़े। नात-रिश्तेदार भी विधि की इस विडंबना के प्रति भौंचक नजर आए। घटना को लेकर पूरे गांव में मातम की स्थिति बनी रही।

कोन थानाध्यक्ष रमेश यादव के मुताबिक सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर गई लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। उधर, अस्पताल से मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना को लेकर इलाके में भी चर्चा बनी रही। 

Tags:    

Similar News