Bareilly: योगी के खिलाफ दिया था भड़काऊ बयान, अब सपा MLA शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर चला बाबा का बुलडोजर

बरेली विकास प्राधिकरण के मुताबिक, सपा विधायक शहजिल इस्लाम का यह पेट्रोल पंप अवैध रूप से संचालित हो रहा था। इसके निर्माण हेतु नक्शा भी पास नहीं था।

Written By :  Rajat Verma
Published By :  aman
Update: 2022-04-07 08:49 GMT

सपा MLA शहजिल के पेट्रोल पंप पर चला बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ (Cm Yogi Adityanath) दोबारा प्रदेश के सीएम बनने के बाद से डबल एक्शन मोड में हैं। प्रदेश में अवैध रूप से हुए निर्माण और आपराधिक छवि वाले लोगों की जमीनों पर लगातार प्रशासन का बुल्डोजर चल रहा है। इस सूची में ताजा नाम बरेली की भोजीपुरा विधानसभा सीट से सपा विधायक शहजिल इस्लाम (shazil islam)  का है।

गुरुवार, 07 अप्रैल को सपा विधायक शहजिल इस्लाम के पेट्रोल पंप पर निर्माण का नक्शा पास न होने के चलते बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) का बुल्डोजर चल गया। बता दें कि, सपा विधायक ने हाल ही में सीएम योगी पर विवादित बयान दिया था। 

BDA की टीम ने चलाया बुलडोजर 

पेट्रोल पंप पर पहुंची बीडीए की टीम ने वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों को सरकारी आदेश के तहत हटाते हुए पेट्रोल पंप को ढहा दिया। यह मामला गुरुवार सुबह करीब 11 बजे के आसपास का है। सपा विधायक शहजिल इस्लाम के इस पेट्रोल पंप का नाम एसईआरएस  फिलिंग स्टेशन है और यह बरेली जिले के परसाखेड़ा में स्थित है, जहां बरेली विकास प्राधिकरण की टीम ने जाकर पेट्रोल पंप पर बुल्डोजर चलाया।

नोटिस का जवाब न मिलने पर एक्शन

बरेली विकास प्राधिकरण के मुताबिक, सपा विधायक शहजिल इस्लाम का यह पेट्रोल पंप अवैध रूप से संचालित हो रहा था। इसके निर्माण हेतु नक्शा भी पास नहीं था। इसके चलते पेट्रोल पंप के मालिक को बीडीए द्वारा नोटिस भेजा गया था और लंबे समय तक नोटिस का जवाब ना मिलने के चलते निर्माण को ढहाने का यह आदेश जारी किया गया।

प्रदेश में दोबारा सीएम बनने के बाद से योगी आदित्यनाथ ने अवैध निर्माण और आपराधिक छवियों वाले लोगों को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। योगी आदित्यनाथ का बुल्डोजर लगातार प्रदेश में किए गए अवैध निर्माणों पर चल रहा है, जिसकी चपेट में आज वर्तमान सपा विधायक शहजिल इस्लाम आ गए हैं।


Tags:    

Similar News