Sunil Ojha Death: यूपी भाजपा के पूर्व सह प्रभारी सुनील ओझा का निधन, पीएम मोदी के थे करीबी, गड़ौली धाम आश्रम को लेकर आए थे चर्चाओं में
Sunil Ojha Death: सुनील ओझा पिछले दिनों गड़ौली धाम आश्रम को लेकर काफी चर्चाओं में आए थे। ओझा के निधन की खबर पाकर भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।;
Sunil Ojha passed away (photo: social media )
Sunil Ojha Death: भाजपा के वरिष्ठ नेता सुनील ओझा का दिल्ली में निधन हो गया है। ओझा की गिनती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में की जाती थी। कुछ महीने पहले उनका उत्तर प्रदेश से बिहार ट्रांसफर हो गया था। बिहार भेजे जाने से पूर्व ओझा उत्तर प्रदेश में भाजपा के सह प्रभारी थे। सुनील ओझा पिछले दिनों गड़ौली धाम आश्रम को लेकर काफी चर्चाओं में आए थे। ओझा के निधन की खबर पाकर भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
डेंगू के हो गए थे शिकार
गड़ौली धाम में राम कथा के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील ओझा डेंगू के शिकार हो गए थे और उन्हें वाराणसी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था और वहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। आज सुबह उनके निधन की खबर मिलने के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए हैं।
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने जताया शोक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सुनील ओझा के निधन पर शोक जताते हुए एक्स पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार भाजपा के सह प्रभारी सुनील ओझा का असामयिक निधन काफी दुखद है। उनका संपूर्ण जीवन जन सेवा और संगठन को समर्पित रहा। उनका जाना भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
प्रदेश के नेताओं ने भी जताया शोक
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी सुनील ओझा के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा के पूर्व सह प्रभारी, कुशल संगठनकर्ता और कर्मठशील नेता सुनील ओझा का असामयिक निधन अत्यंत हृदयविदारक और दुखद है।
प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने भी सुनील ओझा के असामयिक निधन पर शोक जताया है। दोनों नेताओं ने भाजपा को मजबूत बनाने में सुनील ओझा के योगदान को याद करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सुनील ओझा के निधन पर गहरा शोक जताया है। इन नेताओं के अलावा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, यूपी के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और शलभ मणि त्रिपाठी ने भी भाजपा नेता के निधन पर शोक जताया है।
बिहार बीजेपी में शोक की लहर
बिहार प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सुनील ओझा के निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी सुनील ओझा के निधन से भाजपा ने एक कुशल संगठनकर्ता को खो दिया। सुनील ओझा का निधन अत्यंत दुखद है। इस खबर से समस्त भाजपा परिवार शोकाकुल है। राजनीतिक क्षेत्र मे उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। भगवान पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों मे स्थान दे और परिजनों को संबल प्रदान करे।