Unnao Gang Rape: गैंगरेप पीड़िता के घर में आग लगाने मामले में आया नया मोड़, अभियुक्त नहीं इस शख्स ने रची साजिश

Unnao Gang Rape: उन्नाव गैंगरेप पीड़िता के घर में आग लगाने मामले में नया मोड़ आया है। पीड़ित परिवार जेल से बाहर आए अभियुक्तों पर घटना का आरोप लगा रही है जबकि पुलिस तफ्तीश के बाद नया नाम सामने लायी है।

Update: 2023-04-19 21:36 GMT
प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Unnao Gang Rape: यूपी के उन्नाव जिले में एक नाबालिग गैंगरेप पीड़िता (Minor Dalit Girl Rape) के घर में आग लगा दी गई। हादसे में दो मासूम बच्चे झुलस गए। पीड़िता की मां ने केस दर्ज करवाया है। उसका आरोप है कि कथित गैंगरेप के अभियुक्तों ने ही उनके घर में आग लगाई। लेकिन, इस घटना में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने पीड़िता के चाचा पर घर में आग लगाने की बात कही।

इस संबंध में उन्नाव के एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा (Unnao SP Siddharth Shankar Meena) ने बताया, '17 अप्रैल को जिले के मौरावां थाना क्षेत्र के गांव लाज खेड़ा में एक घर में आग लगने की जानकारी मिली। इस संबंध में केस संख्या- 185/ 23 दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान एक वीडियो प्राप्त हुआ। घटनास्थल पर मौजूद बच्चों ने बताया गया कि राजकिशोर नामक शख्स ने घर में आग लगाई है। बता दें, राजकिशोर पीड़िता के चाचा हैं। जिले के एसपी ने बताया राजकिशोर को गिरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य बिंदुओं की भी जांच जारी है।

पीड़िता की मां का आरोप- अभियुक्त दे रहे थे धमकी

पीड़िता की मां ने FIR में आरोप लगाया है कि अभियुक्त केस वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव डाल रहे थे। अभियुक्तों की तरफ से धमकी दी जा रही थी। वहीं, जो बच्चे आग में झुलसे हैं, उनमें एक 7 महीने का और दूसरी बच्ची महज 2 महीने की है। दोनों दुधमुंहे बच्चे अग्निकांड का शिकार हुए। पीड़ित बच्चों को कानपुर के हैलट अस्पताल (Hallet Hospital, Kanpur) में भर्ती कराया गया है। इस आग में रेप पीड़िता भी घायल हुई है। रेप विक्टिम की मां का इलाज उन्नाव के जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले में 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जानें क्या है मामला?

उन्नाव नाबालिग गैंगरेप पीड़िता के परिवार के अनुसार, 13 फरवरी 2022 को कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया गया था। यूपी पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया था। कुछ महीने पहले ही नाबालिग पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो हाल ही में दो अभियुक्तों को कोर्ट से जमानत मिल गई। वे जेल से बाहर आ गए। पीड़िता की मां के अनुसार, एक बार उनसे मारपीट की गई। फिर घर में आग लगा दी। पीड़ित परिवार ने इसके लिए अभियुक्तों को जिम्मेदार ठहराया।

पीड़िता की मां ने दो FIR दर्ज करवाए

नाबालिग गैंगरेप पीड़िता की मां ने दो FIR दर्ज करवाई। पहली FIR आग लगाकर जलाने की घटना से पहले है की है। उस एफआईआर में 13 अप्रैल को पीड़िता की मां और उनके पति के साथ की गई मारपीट की घटना का ज़िक्र है। एफआईआर में ये भी कहा गया है कि जब वे उन्नाव के जिला अदालत से पेशी की पैरवी के बाद गांव वापस लौट रहे थे, उनके और उनके पति के साथ मारपीट की गई। इस FIR में 6 लोगों पर आरोप लगाया गया है। दूसरी एफआईआर आग लगाकर गैंगरेप पीड़िता और उसके बच्चे को मारने की कोशिश के बाद पीड़िता की मां ने दर्ज कराई है। जिसमें 7 लोगों पर आरोप लगाया गया है।

Tags:    

Similar News