UP: जेल में बंद कुलदीप सेंगर की बेटी ने यूपी में कांग्रेस को मिली करार हार पर ली चुटकी, प्रियंका और राहुल पर साधा निशाना

उन्नाव कांड को लेकर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले प्रियंका गांधी को उन्नाव जिले के एक भी विधानसभा सीट पर सफलता नहीं मिली है।

Published By :  Vidushi Mishra
Update:2022-03-13 20:58 IST

कुलदीप सेंगर की बेटी (फोटो-सोशल मीडिया)

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरी कांग्रेस पार्टी को जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ा है। बेहतर नतीजे के उम्मीद में उतरी पार्टी अपना पिछला प्रदर्शन भी दोहरा नहीं सकी। ऐसे में विधानसभा चुनाव के दौरान यूपी कांग्रेस की कर्ता – धर्ता रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी विरोधियों के निशाने पर हैं।

उन्नाव कांड को लेकर योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले प्रियंका गांधी को उन्नाव जिले के एक भी विधानसभा सीट पर सफलता नहीं मिली है। पार्टी की इस करारी हार पर माखी कांड में सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने प्रियंका गांधी पर तंज कसा है।

प्रियंका पर तंज

उन्नाव कांड को बड़ा मुद्दा बनाने वाली प्रियंका गांधी ने विधानसभा चुनाव में इसका राजनितिक फायदा उठाने के लिए उन्नाव सदर सीट से रेप पीड़िता की मां आशा सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था, लेकिन कांग्रेस के हाथ कुछ नहीं लग पाया। कांग्रेस प्रत्याशी की करारी हार पर जेल में बंद कुलदीप सेंगर की बेटी ऐश्वर्या सेंगर ने एक वीडियो जारी कर प्रियंका गांधी पर तंज कसा है।

ऐश्वर्या सेंगर ने कहा कि झूठ पर बनी इमारत अधिक दिनों तक टिकी नहीं रहती है। दिल्ली में बैठकर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही प्रियंका वाड्रा और राहुल गांधी को शायद यह नहीं पता कि सच को कितना भी दबाओ एक न एक दिन सबके सामने आ ही जाता है। उन्नाव की जनता ने सभी छह सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त कराकर, साफ शब्दों में संदेश दे दिया है।

वीडियो में आगे ऐश्वर्या कहती हैं कि उन्नाव सदर में कांग्रेस उम्मीदवार को नोटा के समान वोट 1500 देकर जनता ने साफ शब्दों में जवाब दे दिया है। अब उन्नाव कांड का सच सामने आकर रहेगा। झूठ पर बनाई गई इमारतें अधिक दिनों तक टिकी नहीं रहती है, जिले के साथ पूरे उत्तर प्रदेश की जनता ने चुनाव में जवाब दे दिया है। मैं इसके लिए जनता का आभारी हूं। बता दें कि इससे पहले भी ऐश्वर्या सेंगर ने कांग्रेस द्वारा आशा सिंह को अपना उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रियंका गांधी की तीखी आलोचना की थी।

उन्नाव का परिणाम

बता दें कि उन्नाव में छह विधानसभा सीटें आती हैं, जिनमें सभी सीटों पर इसबार बीजेपी ने कब्जा जमाया है। चर्चित सीट उन्नाव सदर पर भी बीजेपी उम्मीदवार पंकज गुप्ता ने जीत हासिल की है। जबकि उन्नाव रेप कांड के पीड़िता की मां और कांग्रेस प्रत्याशी आशा सिंह टॉप 3 में भी नहीं आ सकी। 

Tags:    

Similar News