UP BJP New President: भूपेंद्र सिंह चौधरी बने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष, जेपी नड्डा ने किया ऐलान

UP BJP New President: UP BJP को अगला अध्यक्ष मिल गया है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को यूपी बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया है। BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके नाम घोषणा की।

Written By :  aman
Update: 2022-08-25 09:26 GMT

भूपेंद्र सिंह चौधरी

UP BJP New President: उत्तर प्रदेश बीजेपी को अगला अध्यक्ष मिल गया है। यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को यूपी बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार (25 अगस्त 2022) को उनके नाम की घोषणा की। हालांकि, बीते दिनों से कई नामों पर चर्चा चल रही थी, जो आज भूपेंद्र सिंह चौधरी के नाम पर जाकर थमी।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को लेकर पार्टी आलाकमान लंबे समय से माथापच्ची कर रही थी। इस बीच कई नाम मीडिया में सामने आए। इनमें उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का नाम भी था। लेकिन, बुधवार शाम अचानक यूपी के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को आलाकमान ने दिल्ली बुलाया। जिसके बाद वह आजमगढ़ में पार्टी के कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर लखनऊ रवाना हो गए।

मिशन 2024 पर नजर, क्षेत्रीय-जातीय संतुलन बरकरार

भूपेंद्र सिंह चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आते हैं। वो वेस्ट यूपी के जाट नेता के रूप में जाने जाते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भूपेंद्र चौधरी के नाम को प्राथमिकता दी है। भूपेंद्र सिंह चौधरी का नाम आगे करने से प्रदेश में क्षेत्रीय तथा जातीय दोनों ही संतुलन को बनाया जा रखा जा सकता है। 

ताकि बना रहे जाटलैंड पर पकड़

बीजेपी आलाकमान ने भूपेंद्र चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर बड़ा दांव खेला है। यूपी जैसे बड़े सूबे में जहां 'जाटलैंड' सियासी तौर पर काफी अहम माना जाता है, वहां पार्टी की कमान भूपेंद्र सिंह को सौंपकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति पर पकड़ बनाने की कोशिश की गई है। बीजेपी का ये कदम रालोद और सपा गठबंधन पर भी व्यापक असर डालेगा। इन दोनों क्षेत्रीय पार्टियों दखल को यहां सीमित करने का प्रयास भी है।

पूर्वांचल से मुख्यमंत्री तो पश्चिम से प्रदेश अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। बीजेपी पश्चिमी यूपी के नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर क्षेत्रीय समीकरण साधने में जुटी है। चूंकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्वांचल क्षेत्र से आते हैं, तो संगठन की कमान पश्चिमी यूपी को देने की रणनीति बनाई गई है। ऐसे में वेस्ट यूपी में जाट वोट बैंक को साधने के लिए भूपेंद्र सिंह चौधरी सबसे मजबूत नेता के रूप में सामने आए। 

Tags:    

Similar News