UP Politics: '..तो अखिलेश यादव को मिली होती भ्रष्टाचार भूषण की उपाधि', करप्शन मुद्दे पर ब्रजेश पाठक का करारा वार

UP Politics: उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोटालों पर ये कहा।

Written By :  aman
Update: 2023-03-09 13:12 GMT

UP Deputy Chief Minister Brajesh Pathak (Social Media)

UP Politics: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गुरुवार (09 मार्च) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर जांच एजेंसियों की शिकायत करने वाले समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) सहित 9 प्रमुख विपक्षी नेताओं पर भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे होने का आरोप लगाया। मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा, खुद को बचाने के लिए विपक्षी नेता मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यालय पर गुरुवार को एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। जिसे संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, बीते 5 मार्च को 9 विपक्षी पार्टियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) को पत्र लिखकर केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, इस पत्र में केन्द्र सरकार पर भी कई तरह के अनर्गल आरोप लगाये गए।

'स्वयं को बचाने के लिए मनगढ़ंत आरोप लगा रहे'

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Deputy Chief Minister Brajesh Pathak) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, '9 प्रमुख विपक्षी नेताओं ने बीते 5 मार्च को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि जांच एजेंसियां विपक्ष के नेताओं को झूठे मामलों में फंसा रही है। मगर, हमारा मानना है कि ये सभी 9 नेता भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं। स्वयं को बचाने के लिए मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।' ब्रजेश पाठक बोले, 'प्रधानमंत्री को लिखे गए पत्र में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हैं। जबकि ये जगजाहिर है कि समाजवादी पार्टी की सभी सरकारें भ्रष्टाचार में डूबी रही हैं।'

ब्रजेश पाठक ने आगे कहा, 'विपक्षी नेता जांच एजेंसियों और केन्द्र सरकार पर आरोप मढ़कर अपना भ्रष्टाचार छिपाना चाहते हैं। इन पार्टियों के कई नेता या तो जेल में हैं या बेल पर हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या ये पार्टियां भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यवाही नहीं चाहती? क्या, ये सभी पार्टियां भ्रष्टाचारियों को बचाना चाहती हैं? उन्होंने आगे कहा, विपक्ष के पास अब कोई एजेंडा नहीं है। जबकि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और विभिन्न प्रदेशों में बीजेपी की सरकारें 'सबका साथ सबका विकास' के संकल्प के साथ जन कल्याण और विकास कार्यों में जुटी है।'

सपा सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी रही 

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। कहा, 'नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री जी को लिखे पत्र पर अपने हस्ताक्षर किए हैं। तंज भरे लहजे में उन्होंने कहा, जिनका पूरा शासन ही आकंठ भ्रष्टाचार और अराजकता का परिचायक रहा था। समाजवादी पार्टी जब-जब सत्ता में रही, राज्य में जनधन की लूट हुई, जमकर भ्रष्टाचार हुआ।'

..तो 'भ्रष्टाचार भूषण' की उपाधि मिली होती

यूपी के उप मुख्यमंत्री ने कहा, अगर भ्रष्टाचारियों को कोई पुरस्कार मिलता तो सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री को 'भ्रष्टाचार भूषण' की उपाधि मिली होती। ब्रजेश पाठक ने सपा सरकार में हुए घोटालों की याद दिलाते हुए कहा, समाजवादी सरकार में गोमती रिवर फ्रंट घोटाला, नोएडा, ग्रेटर नोएडा भूमि आवंटन में घोटाला, राशन घोटाला, खनन घोटाला, लैपटॉप घोटाला, खाद्यान्न घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, जल निगम भर्ती घोटाला, समाजवादी पेंशन घोटाला, लोकसेवा आयोग-अधीनस्थ चयन सेवा आयोग में हुए घोटाले, एम्बुलेंस घोटाला, पशुपालन चारा घोटाला सहित अन्य कई घोटाले हुए।' घोटालों का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा सरकार में हुए घोटालों की लम्बी फेहरिस्त है।

घोटालों की जांच आगे बढ़ रही तो डर लगने लगा

ब्रजेश पाठक ने आगे कहा, 'अब जब जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से इन घोटालों की जांच में आगे बढ़ रही है, तो कई लोगों के मन में डर पैदा हो गया है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार बिना भेद-भाव के पारदर्शी ढंग से काम कर रही है। विपक्षी दल के नेताओं के झूठ और उनकी मंशा का सच जनता भली-भांति समझती है। उन्होंने कहा, आज जन-जन का विश्वास प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व और भाजपा पर है।'

Tags:    

Similar News