AAP का आरोप, 'योगीराज में महफूज नहीं हैं बेटियां', लखीमपुर और प्रयागराज में हुआ था महिला से दुष्कर्म

लखीमपुर में 8 वर्षीय दलित बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या और प्रयागराज में मजदूर महिला से गैंगरेप की घटना...

Report :  Shashwat Mishra
Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-06-22 11:05 GMT

आम आदमी पार्टी की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

लखनऊ: लखीमपुर में 8 वर्षीय दलित बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या और प्रयागराज में मजदूर महिला से गैंगरेप की घटना पर आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव (Neelam Yadav) ने गोमतीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रतिक्रिया दी।

नीलम यादव ने कहा कि 'महिला सुरक्षा के नाम पर बड़े-बड़े पोस्टर लगवाने वाली योगी सरकार जमीन पर उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण इस सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इसीलिए प्रदेश में महिलाओं के साथ एक के बाद एक शर्मनाक घटनाएं सामने आ रहे हैं। प्रदेश में महिलाएं और बेटियां कहीं भी महफूज नहीं हैं।'

उन्होंने कहा कि अब महिला सुरक्षा के दावों वाले होर्डिंग प्रदेश की महिलाओं को चिढ़ाते हैं। अपने पूरे कार्यकाल के दौरान योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सिर्फ प्रचार में जुटी रही। नतीजा रहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ एक से बढ़कर एक लोमहर्षक घटनाएं हुईं। बदायूं से लेकर उन्नाव तक ऐसे कई मामले सामने आए जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। ऐसी हर घटना के बाद योगी सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए उस पर प्रचार का पर्दा डालती रही। इससे महिलाओं के खिलाफ अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। लखीमपुर में बकरी चरा कर घर लौट रही दलित बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या और प्रयागराज में काम दिलाने के बहाने कार सवारों द्वारा महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना भी इसी का परिणाम है।

योगीराज में आज बेटियां घर से बाहर जाने में भी डर रही हैं। आम आदमी पार्टी की पूरी संवेदना दोनों मामलों में पीड़ित परिवार के साथ है। पार्टी की ओर से मेरी मांग है कि लखीमपुर कांड के हैवान का जल्द राजफाश करके उसे सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। प्रयागराज प्रकरण में भी पुलिस शक्ति के साथ कार्रवाई करे। पिछली घटनाओं की तरह इन घटनाओं में भी अगर सरकार के दबाव में लीपापोती का प्रयास किया गया तो आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। अगर इन मामलों में उचित कार्रवाई होती नहीं दिखी तो आम आदमी पार्टी पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए उनकी लड़ाई लड़ने का काम करेगी।

Tags:    

Similar News