UP: तापमान गिरने से ठंड में जबर्दस्त इजाफा, कानपुर का पारा 4.3 डिग्री तक पहुंचा

Update:2018-01-01 11:38 IST
UP: तापमान गिरने से ठंड में जबर्दस्त इजाफा, कानपुर का पारा 4.3 डिग्री तक पहुंचा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अन्य जिलों में सोमवार (1 जनवरी) को तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बादल छाए रहने की वजह से दिन में धूप निकलने की संभावना कम है। साथ ही तापमान और नीचे गिरने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, 'दिन में धूप निकलने की संभावना कम है। न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई है। लखनऊ के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी ठंड पिछले 24 घंटों की तुलना में और बढ़ी है।'

लखनऊ का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जाने का अनुमान है।

कानपुर का पारा 4.3 डिग्री तक पहुंचा

लखनऊ के अतिरिक्त सोमवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री, कानपुर का 4.3 डिग्री, बनारस का 7 डिग्री, इलाहाबाद का 6.5 डिग्री और झांसी का 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएएनएस

Tags:    

Similar News