Varanasi News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और उनके परिवार के लिए सुरक्षा की मांग

Varanasi News: संसद में राहुल गांधी के भाषण के बाद भाजपा का झंडा और राहुल गांधी का पुतला लेकर बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने अजय राय के आवास का रुख किया था।

Report :  Rishu Pathak
Update: 2024-07-04 08:21 GMT

अजय राय। (Pic: Social Media)

Varanasi News: संसद में राहुल गांधी के बयान के विरोध में 2 जुलाई को अजय राय के आवास पर भाजपा नेताओं के प्रदर्शन के प्रयास पर इंडिया ब्लॉक ने नाराजगी जताई है। गुरुवार को कांग्रेस और सपा नेताओं ने पुलिस कमिश्नर से मिलकर अजय राय और उनके परिवार की सुरक्षा की मांग की। वहीं प्रदर्शन के नाम पर अराजकता करने वाले भाजपा नेताओं पर केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की बात भी कही। 

सुरक्षा की मांग

कांग्रेस नेताओं ने ऐसा नहीं होने पर सड़क से संसद तक प्रदर्शन की चेतावनी भी दी। गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कांग्रेस और सपा नेता जिला मुख्यालय पहुंचे। दोनों दलों के नेताओं ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के परिवार की सुरक्षा मांगी। सीपी को 2 जुलाई को अजय राय के आवास पर प्रदर्शन को लेकर हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि 2 जुलाई को भाजपा का झंडा लेकर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला लेकर जलाने पहुंचे थे। प्रदर्शन के लिए आयोजकों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आवास पर पहुंचने की घोषणा कर दी।

एसपी को दिया प्रार्थनापत्र

भाजपा का झंडा और राहुल गांधी का पुतला लेकर बड़ी संख्या में भाजपाइयों ने अजय राय के आवास का रुख कर दिया। अजय राय उस समय लखनऊ थे और परिवार घर पर था। मामले की जानकारी के बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस और प्रशासन ने सभी को चेतगंज मोड़ पर रोक लिया। हालांकि फिर चौराहे पर ही उन लोगों ने प्रदर्शन किया लेकिन सभी के इरादे ठीक नहीं थे। सपा नेता पूजा यादव ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर हमले का प्रयास किया गया, इसके बाद से उनकी पत्नी रीना राय सहित दो पुत्रियाँ तथा दो पुत्र भयग्रस्त हैं। घटना के कारण पूरा परिवार डरा एवं सहमा हुआ है, उनकी सुरक्षा पर भी सवाल उठ गए हैं। 2 जुलाई को ऐसा प्रयास करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए। कांग्रेस और सपा ने एसीपी चेतगंज को पहले ही प्रार्थनापत्र दिया है। 

Tags:    

Similar News