UP Election 2022: 'पंजा' छोड़ 'हाथी' पर सवार हुए विजय कुमार, चुनार विधानसभा सीट से बसपा ने घोषित किया प्रत्याशी

नेताओं के दल-बदलने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में नया नाम जुड़ा हैं मिर्जापुर जिले के चुनार विधानसभा संख्या 398 से कांग्रेस का साथ छोड़कर अब बहुजन समाज पार्टी के 'हाथी' की सवारी करेंगे विजय कुमार सिंह उर्फ एवी भईया।

Report :  Brijendra Dubey
Written By :  aman
Update: 2022-01-26 08:40 GMT

bsp bahujan samaj party

UP Election 2022: यूपी विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के दल-बदलने का सिलसिला तेज हो गया है। इसी क्रम में नया नाम जुड़ा हैं मिर्जापुर जिले (Mirzapur District) के चुनार विधानसभा संख्या 398 से कांग्रेस का साथ छोड़कर अब बहुजन समाज पार्टी (BSP) के 'हाथी' की सवारी करेंगे विजय कुमार सिंह उर्फ एवी भईया। 

आपको बता दें, कि चुनार विधानसभा क्षेत्र निवासी विजय कुमार सिंह (Vijay Kumar Singh) उर्फ एवी भईया पहले कांग्रेस पार्टी से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे थे। कहीं से उन्हें भनक लगी कि टिकट बंटवारे में कांग्रेस उन्हें भाव देने के मूड में नहीं है। इसके बाद उन्होंने नई पार्टी में टिकट की जुगत लगानी शुरू कर दी। फिर उन्हें उत्तर प्रदेश की एक और महत्वपूर्ण  पार्टी बहुजन समाज पार्टी से टिकट की आस जगी।

'पंजा' छोड़ 'हाथी' पर सवार   

विजय कुमार सिंह (Vijay Kumar Singh) की अब सारी उम्मीदें बसपा से थी। उनके इस उम्मीद को पंख तब लगे जब बसपा की तरफ से उन्हें 'ग्रीन सिग्नल' मिला। फिर क्या था। उन्होंने आव देखा न ताव और 'पंजा' छोड़ 'हाथी' पर सवार हो लिए। बहुजन समाज पार्टी ने परसबंधा दर्रा के शांति लॉन में बसपा के सेक्टर प्रभारि, जिले के तमाम पदाधिकारियों सहित अन्य नेताओं के साथ बैठक की। जिसके बाद विजय कुमार सिंह के नाम पर सहमति बनने के बाद उन्हें चुनार विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया गया।

'बहनजी' के निर्देश पर 

इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शिव बोध राम (पूर्व एमएलसी) ने विजय कुमार सिंह उर्फ एवी भईया को माला पहनाकर चुनार विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया। इस दौरान शिव बोध राम ने कहा, कि 'बहन कुमारी मायावती के निर्देश पर वह विजय कुमार सिंह को पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर रहे हैं।' इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिव बोध राम के निशाने पर सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (samajwadi party) तथा कांग्रेस रही। उन्होंने अपने संबोधन में सपा, बीजेपी, कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, कि सपा को संविधान का ज्ञान ही नहीं है। वहीं बीजेपी पर उन्होंने धर्म और जाति की राजनीति कर आरोप लगाया।

पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी बसपा की सरकार

इस दौरान जब वहां मौजूद मीडिया ने सवाल पूछा, कि पहले से पार्टी के तमाम समर्पित कार्यकर्ता तथा पुराने नेता थे तो उन्होंने उन्हें प्रत्याशी क्यों नहीं बनाया? तो इस पर पूर्व एमएलसी का जवाब था, कि हमें जानकारी मिली थी विजय कुमार सिंह पुराने बसपा परिवार से आते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं द्वारा यह कहा गया था कि चुनार विधानसभा में विजय कुमार सिंह उर्फ एवी भईया ही सभी समाज के लोगों को लेकर अपनी जीत हासिल कर सकते हैं। साथ ही यही बहन मायावती के हाथों को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया, कि साल 2022 विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ही पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

वह पुराना घर था, अब नए में आए   

इसके बाद बारी थी बसपा प्रत्याशी विजय कुमार सिंह की। उनसे जब मीडिया ने पूछा, कि 'कांग्रेस पार्टी छोड़ आप हाथी की सवारी करने आए। तो, उनका जवाब था कि वह पुराना घर था। अब नए घर में आ चुके हैं।' बसपा प्रत्याशी ने उम्मीद जताई कि चुनार विधानसभा क्षेत्र में अब परिवर्तन होगा। हम चुनार विधानसभा जीतकर दिखाएंगे।

इस अवसर पर भगवानदास रत्ना जिला अध्यक्ष, डॉ महेंद्र भारतीय, रमेश पाण्डेय,अलगू राम भारतीय के अलावा बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने कोराना गाइडलाइन का भी पालन किया। 

Tags:    

Similar News